मध्य प्रदेश के दतिया जिले में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद अब पुलिस ने नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों पर एक्शन लिया है। भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव में दरकिनार कर दिया और आशुतोष तिवारी को टिकट दे दिया। इस फैसले का विरोध करते हुए उनके समर्थकों ने कई किलोमीटर तक सड़क जाम कर दिया।

पुलिस ने इस मामले में 27 नेताओं और 200 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस प्रदर्शन के दौरान करीब 5000 समर्थक इकट्ठा हुए और टिकट संबंधी फैसले पर पार्टी की ओर से पुनर्विचार की मांग करते हुए 11 घंटे तक नेशनल हाईवे-44 को अवरुद्ध कर दिया है। जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी नेशनल हाईवे को खाली कराने के लिए मौके पर पहुंचे तो हालात और भी बिगड़ गए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर किया था पथराव

पुलिस के मुताबिक, नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिनमें एसपी मयूर खंडेलवाल और कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े भी शामिल थे। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार और आसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया था।

हालांकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने पहले बल प्रयोग किया और पत्थर फेंके, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई।

आठ पुलिसकर्मी हुए थे घायल

पुलिस ने बताया कि झड़प में एसपी मयूर खंडेलवाल, एसडीओपी पूनमचंद यादव और इंदरगढ़ टीआई नरेंद्र सिंह राजपूत समेत आठ से अधिक कर्मी घायल हो गए।

कलेक्टर मयूर खंडेलवाल ने भी इस बात की पुष्टि की कि घटना के दौरान उन पर पत्थर फेंके गए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि जिला महासचिव भूरे चौधरी, किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष सुमित यादव, राजीव सेन और कुछ महिला कार्यकर्ताओं सहित पार्टी के कई सदस्य भी घायल हुए हैं।

पुलिस वाहनों को भी पहुंचा था नुकसान

पुलिस ने आरोप लगाया कि प्रदर्शकारियों ने हिंसा के दौरान पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया और कुछ गाड़ियों को पलट दिया। हालांकि, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर उनके वाहनों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों ने झड़प शुरू करने के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया।

पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत 27 नामजद नेताओं और अज्ञात 200 कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज किया है। पुलिस एफआईआर में बीजेपी जिला महासचिव भूरे चौधरी, पार्षद अक्कू दुबे, ब्रिजेश दुबे, अनूप यादव, जिला मंत्री भानु ठाकुर, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजू गुगोरिया, जनपद उपाध्यक्ष प्रशांत दांगी, जनपद सदस्य लाला रजक, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मान सिंह कुशवाह समेत अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव: BJP से ‘मायूस’ नरोत्तम मिश्रा को उद्धव ठाकरे की पार्टी ने दिया उम्मीदवारी का ऑफर

मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट न देने के बीजेपी के फैसले के बाद उनके समर्थकों ने हिंसक विरोध-प्रदर्शन किया था। इसके एक दिन बाद शनिवार को शिवसेना यूबीटी ने उन्हें अपनी पार्टी से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें