आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने नई शराब बुकिंग ऐप को लेकर बीजेपी की दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। AAP ने दिवाली से पहले घर बैठे शराब मंगाने की सुविधा शुरू करने के फैसले का विरोध किया है।
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए तंज कसा, ”दारू सप्लायर कहां मिलेंगे?” AAP इस पहल का विरोध कर रही है। पार्टी का आरोप है कि दिल्ली सरकार आम लोगों की जरूरी सार्वजनिक सेवाओं की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय शराब खरीदने वालों को सुविधा देने को प्राथमिकता दे रही है।
‘हर-हर रेखा, घर-घर ठेका’
इससे पहले भी सौरभ भारद्वाज ने सरकार के इस कदम पर तंज कसते हुए इसे ‘हर-हर रेखा, घर-घर ठेका’ कहा था। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से महिलाओं को करवा चौथ का तोहफा देने के रूप में भी इस फैसले पर कटाक्ष किया था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, ”दिल्ली सरकार का हाल यह है कि ‘हर-हर रेखा, घर-घर ठेका’। दिल्ली में कोई गरीब मरीज अस्पताल आता है, पांच घंटे तक डायलिसिस कराता है और फिर दवाइयां लेने के लिए पांच घंटे लाइन में खड़ा रहता है। रेखा गुप्ता को इस बात की चिंता नहीं है कि मरीजों को लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है। उन्हें चिंता इस बात की है कि शराब पीने वाले लोग कतारों में क्यों खड़े हैं।”
24 घंटे का अल्टीमेटम
AAP ने दिल्ली सरकार को शराब बुकिंग की इस पहल को वापस लेने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय के भीतर फैसला वापस नहीं लिया गया, तो वह बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगी।
सौरभ भारद्वाज ने यह भी मांग की कि अगर योजना वापस नहीं ली जाती है तो दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने कहा, ”हमने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के भीतर यह योजना वापस नहीं ली गई तो हम मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का इस्तीफा मांगेंगे। हम उन्हें ऐसे ही नहीं जाने देंगे और उनका इस्तीफा सुनिश्चित करेंगे। हम बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं। रेखा गुप्ता सरकार को हम 24 घंटे का समय दे रहे हैं।”
आंदोलन तेज करने की चेतावनी देते हुए भारद्वाज ने कहा, ”अगर रेखा गुप्ता इस नीति को वापस नहीं लेती हैं तो हम दिल्ली में इतना बड़ा आंदोलन करेंगे कि पुलिस देखती रह जाएगी। हम उनकी सरकार को काम नहीं करने देंगे। हमारी चेतावनी साफ ह- उनके पास सिर्फ 24 घंटे हैं। रेखा गुप्ता को यह योजना वापस लेकर दिल्ली की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।”
अब दिल्ली में उठाइए वाटर टूरिज्म का लुत्फ, जानिए क्या होंगी सुविधाएं और टिकट की कीमत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि‘यमुना सफारी’ सेवा की शुरुआत छठ त्योहार से पहले की जाएगी और सरकार का लक्ष्य इसे लोगों के लिए पिकनिक स्थल के रूप में विकसित करने का है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि छठ महापर्व से पहले यह सेवा शुरू हो जाए। दिल्ली के लोग अपने परिवार के साथ मां यमुना के दर्शन कर सकें, क्रूज में बैठकर सैर का आनंद लें।
