बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की 20वीं पुण्यतिथि पर बसपा ने लखनऊ में बड़े स्तर पर कार्यक्रम की तैयारी की। यूपी के सभी जिलों से बसपा नेता और कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंच रहे हैं।

बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया है कि वे कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बड़ी संख्या में लखनऊ में इकट्ठा होने और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रेरित करें।

यह स्मारक कार्यक्रम लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित किया जाएगा, जिसे मान्यवर श्री कांशीराम जी स्मारक स्थल के नाम से भी जाना जाता है, जो कांशी राम की विरासत को सम्मानित करने के लिए बसपा सरकार के दौरान बनाया गया एक स्मारक है।

वहीं, बसपा प्रमुख मायावती ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “देश में जाति के आधार पर सदियों से तोड़े व पछाड़े गये ख़ासकर ‘बहुजन समाज’ के करोड़ों दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों एवं अन्य कमज़ोर तबक़ों आदि को उनके वोट की ताक़त के माध्यम से सत्ता की मास्टर चाबी देकर उन्हें शोषित से शासक वर्ग बनाने हेतु इनके मसीहा परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान के रुके एवं बिखरे हुये कारवाँ को आगे मंज़िल तक पहुँचाने के लिये बहुजन समाज पार्टी (बी.एस.पी.) के जन्मदाता एवं संस्थापक मान्यवर श्री कांशीराम जी को आज उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर बी.एस.पी. परिवार की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि व अपार श्रद्धा-सुमन अर्पित।”

बसपा चीफ ने लिखा कि मान्यवर श्री कांशीराम जी के मिशनरी संकल्प का ही यह सुखद परिणाम था कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल व महत्वपूर्ण राज्य में मेरे नेतृत्व में बी.एस.पी. की चार बार सरकार बनी और इसके माध्यम से ’सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति’ के ऐतिहासिक कार्य करके ’बहुजन समाज’ में समय-समय पर जन्मे महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों में भी ख़ासकर महात्मा ज्योतिबा फुले, श्री नारायणा गुरु, राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज व बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर आदि के समता व समानता के हक़ के लिये उनके अतुलनीय संघर्ष व बहुमूल्य योगदान को ज़मीनी स्तर पर उतारकर संविधान के पवित्र मंशा की पूर्ति की गयी।

मायावती ने आगे कहा कि यही नहीं बल्कि इन महापुरुषों की प्रेरणा से, यूपी में सर्वसमाज के हित में अपराध नियंत्रण व क़ानून व्यवस्था के मामलों में क़ानून द्वारा क़ानून का राज क़ायम करके तथा जनहित, जनकल्याण एवं विकास के मामलों में भी, बेहतरीन सरकार देकर मान्यवर श्री कांशीराम जी को सच्ची श्रद्धांजलि व श्रद्धा-सुमन अर्पित किया गया।

सपा की दलित वोट बैंक पर नजर

वहीं, दलित वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद धर्मेंद्र यादव शुक्रवार को बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर जिले में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

अंबेडकर नगर को चुनना सपा के लिए अहम माना जा रहा है। इस जिले में दलित आबादी बड़ी संख्या में है। वर्ष 1995 में मायावती के नेतृत्व वाली बसपा सरकार ने इस जिले का गठन किया था। उत्तर प्रदेश में बसपा के कमजोर होते जनाधार के बीच सपा दलितों तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है। पार्टी PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के नारे के जरिए इन वर्गों को अपने साथ जोड़ने पर जोर दे रही है।

कांशीराम ने दलित राजनीति को नई दिशा दी

बता दें, आधुनिक भारत में कांशीराम उन प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं, जिन्होंने दलित राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने दलितों को अपनी आवाज उठाने और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए संगठित होने का मंच दिया। इस दिशा में बामसेफ (BAMCEF) यानी अखिल भारतीय पिछड़ा और अल्पसंख्यक समुदाय कर्मचारी महासंघ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आज कांशीराम को एक करिश्माई और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व वाले नेता के रूप में याद किया जाता है। उनकी पहचान प्रभावशाली नारों और अपनी बात को सीधे तथा असरदार तरीके से लोगों तक पहुंचाने की कला के लिए भी रही है। कांशीराम का मानना था कि दलितों के अधिकारों को मजबूत करने के लिए उनका आर्थिक रूप से सशक्त होना जरूरी है। इसी सोच ने बामसेफ (BAMCEF) की स्थापना का रास्ता तैयार किया। उनके अनुसार, सशक्त दलित वही हैं जो आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हों, सामाजिक रूप से जागरूक हों और आध्यात्मिक चेतना से संपन्न हों।

क्रॉस-वोटिंग से 2027 के चुनाव तक, अखिलेश ने तीसरा उम्मीदवार उतारने का प्लान क्यों बदला?

16 अक्टूबर को होने वाले उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव होंगे। इन चुनावों के लिए समाजवादी पार्टी (SP) ने मंगलवार को अपना तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया। मंगलवार नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख थी। इसके साथ ही भाजपा के 8 और सपा के 2 उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया। पढ़ें पूरी खबर।