केरल में 22 साल के दलित मेडिकल छात्र नितिन राज आरएल की मौत का मामला तूल पकड़ गया है। छात्र के परिवार ने आरोप लगाया है कि कॉलेज के शिक्षकों ने नितिन की जाति, रंग और उसके माता-पिता के दिहाड़ी मजदूर होने की वजह से उसका अपमान किया था।

नितिन तिरुवनंतपुरम के उझामलक्कल गांव का रहने वाला था। नितिन की शुक्रवार को कन्नूर जिले के अंजराकंडी क्षेत्र में कन्नूर डेंटल कॉलेज परिसर में एक बिल्डिंग से गिरने के बाद मौत हो गई थी। नितिन को मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया था। नितिन बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) में प्रथम वर्ष का छात्र था। नितिन ने पिछले साल सितंबर में डेंटल मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था।

कन्नूर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और कॉलेज में शिक्षकों द्वारा किए गए अपमान के आरोपों की जांच की जा रही है। कॉलेज के प्रबंधन ने रविवार को इस मामले में एक विभागाध्यक्ष और एक एसोसिएट प्रोफेसर को निलंबित कर दिया। कॉलेज ने आरोपों की जांच के आदेश भी दिए हैं।

ऑडियो क्लिप के नितिन का होने का दावा

रविवार को एक ऑडियो क्लिप सामने आई जिसके नितिन का होने का दावा किया गया। दावे के मुताबिक, इसमें नितिन ने शिक्षकों द्वारा अपमानित करने और उत्पीड़न की बात कही है।

ऑडियो क्लिप में नितिन को कहते हुए सुना जा सकता है, “उन्होंने (एक शिक्षक ने) मेरा अपमान किया और मुझे बहुत दुख सहना पड़ा। मेरी आंसर शीट क्लास के सभी छात्रों को दिखाई गई, इसमें मेरी स्पेलिंग की गलतियां बताई गई थीं। कल, जब मैं उनकी कक्षा में था, उन्होंने मेरी मां का मजाक उड़ाया… स्टाफ रूम से बाहर आने के बाद, उन्होंने मुझे बेवकूफ कहा… उन्होंने (शिक्षक ने) मुझसे कहा कि अगर मैंने कुछ कहा तो मेरे हाथ-पैर काट दिए जाएंगे। मैंने उन्हें चुनौती दी कि वे ऐसा करके दिखाएं।”

बहन बोली- क्लास में किया जाता था अपमानित

नितिन की बहन निकिता ने बताया कि उनके भाई को उसके रंग, जाति और माता-पिता के पेशे को लेकर बार-बार अपमानित किया जाता था। उन्होंने कहा, “उसने मुझे बताया था कि विभाग का प्रमुख उसे पागल कुत्ता कहकर अपमानित करता था। क्लास में भी उसका अपमान किया जाता था।”

बहन ने कहा कि नितिन ने बिल्डिंग से गिरने से दो घंटे पहले उससे बात की थी। हमें किसी साजिश का शक है और हम जानना चाहते हैं कि उसके साथ क्या हुआ।

पुलिस आयुक्त से मांगी रिपोर्ट

नितिन की मौत के बाद केरल में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। राज्य मानवाधिकार आयोग ने कन्नूर शहर के पुलिस आयुक्त से इस घटना के बारे में रिपोर्ट मांगी है। मानवाधिकार आयोग के सदस्य के. बैजुनाथ ने आयुक्त को आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने नितिन की मौत की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि एलडीएफ सरकार के शासन में एससी/एसटी समुदायों पर हमले कई गुना बढ़ गए हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले दलितों को साधने में जुटी बीजेपी

योगी आदित्यनाथ की उत्तर प्रदेश सरकार ऐशबाग क्षेत्र में नया “भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल और कल्चरल सेंटर” बना रही है। राजनीतिक दृष्टि से यह स्मारक अहम है। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले यह कदम भाजपा को दलित समुदाय में अपनी पकड़ मजबूत करने का मौका देगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।