कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में महाराष्ट्र से महा विकास आघाडी (एमवीए) उम्मीदवार के तौर पर एनसीपी (शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार का समर्थन करने का ऐलान किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव रमेश चेन्नीथला ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में यह घोषणा की।
कांग्रेस के इस ऐलान से शिवसेना (यूबीटी) को झटका लगा है। महाराष्ट्र में राज्यसभा की सात सीट पर चुनाव होना है, जिसमें से एक पर एमवीए की जीत की संभावना है।
रमेश चेन्नीथला ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें 16 मार्च को होने वाले चुनाव में शरद पवार का समर्थन करने के फैसले के बारे में बताने के लिए कहा है। पवार राज्यसभा के मौजूदा सदस्य हैं। कांग्रेस ने यह फैसला नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि पांच मार्च से एक दिन पहले लिया है।
आदित्य ठाकरे ने ठोका था दावा
महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा था कि राज्यसभा चुनाव की एक सीट महा विकास आघाडी में से शिवसेना (यूबीटी) को ही मिलनी चाहिए। मंगलवार को एनसीपी (शरद पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुंबई में मुलाकात की थी और राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा की थी।
आदित्य ठाकरे ने कहा था कि शिवसेना (यूबीटी) ने एक राज्यसभा सीट पर अपना दावा पेश किया है क्योंकि संख्या के हिसाब से और एमवीए के लिए तय ‘रोटेशन’ नीति के अनुसार इस सीट पर उनकी पार्टी को चुनाव लड़ना चाहिए।
महाराष्ट्र में अप्रैल में शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी, एनसीपी (एसपी) की फौजिया खान, आरपीआई (आठवले) के रामदास आठवले, बीजेपी के भागवत कराड, कांग्रेस की रजनी पाटिल और एनसीपी के धैर्यशील पाटिल का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
छह सीटें जीत सकती है बीजेपी
एमवीए राज्यसभा और विधान परिषद में केवल एक-एक सदस्य को निर्वाचित कराने में सफल हो सकती है। शिवसेना (यूबीटी) के पास 20 विधायक हैं, उसके बाद कांग्रेस के पास 16 और एनसीपी (शरद पवार) के पास 10 विधायक हैं। विधानसभा में भारी बहुमत के कारण बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति को सात में से छह सीटें मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट
बीजेपी ने बुधवार को महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम की लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी ने राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले समेत चार नेताओं को उम्मीदवार घोषित किया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
