Bimol Akoijam News: मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमल अकोइजम बृहस्पतिवार को यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली के वसंत कुंज उत्तर थाने में पेश हुए। पुलिस ने अकोइजम को बुधवार को एक नोटिस दिया था, जिसमें उन्हें जांच में शामिल होने के लिए कहा गया था।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर 11 अक्टूबर को अकोइजम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अकोइजम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75, 75(1)(आई), 75(1)(चार) और 79 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
जेएनयू के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के तहत ‘सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स’ में प्रोफेसर रहे अकोइजम को यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद नौ अक्टूबर को बर्खास्त कर दिया गया था।
पुलिस के सामने पेश होने के लिए जब वह इंफाल से दिल्ली के लिए रवाना हुए तो उन्होंने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात की। अकोइजम ने कहा, “मैं पुलिस के समन के कारण दिल्ली जा रहा हूं। चिंता न करें, न्याय होगा। यह मेरे लोगों के साथ दशकों से हुए अन्याय को खत्म करने की शुरुआत है।”
11 छात्राओं ने दर्ज कराई शिकायत
अकोइजम ने यौन उत्पीड़न के आरोपों से इनकार किया है। मई में कम से कम 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वह बैठकों या समारोहों के बहाने छात्राओं को परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और उनका उत्पीड़न करने की कोशिश करते थे। कुछ छात्राओं ने आरोप लगाया कि वह कक्षा में अश्लील और गलत टिप्पणियां भी करते थे।
इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद अकोइजम ने इस साजिश करार दिया और दावा किया कि उन्हें जांच समिति के निष्कर्षों का जवाब देने की अनुमति नहीं दी गई।
यह भी पढ़ें- अकोइजम को लोकसभा से निलंबित करने की मांग
बीजेपी की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिला। सांसदों ने मांग की कि यौन उत्पीड़न के आरोपी कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को लोकसभा से निलंबित किया जाए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
