महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पीएम मोदी ने बांग्लादेश के साथ रिश्ते खराब कर दिए और उन्होंने हमारा प्याज खरीदना बंद कर दिया।

दरअसल महाराष्ट्र में इन दिनों प्याज की खेती करने वाले किसान भारी परेशानी से जूझ रहे हैं। किसानों को प्याज की काफी कम कीमत मिल रही है। आलम यह है कि किसानों से मंडी में एक रुपये प्रति किलो प्याज थोक भाव में खरीदी जा रही है, जबकि बाजार में प्याज की फुटकर कीमत 20 से 25 रुपये किलो है। इसे लेकर किसान नाराज है और अपनी फसलें सड़कों पर फेंक कर रोष व्यक्त कर रहे हैं।

मोदी ने पड़ोसी और मित्र देशों से रिश्ते खराब कर दिए- प्रदेश अध्यक्ष

किसानों के इसी विरोध का समर्थन करते हुए नासिक के चांदवड चौफुली में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ‘प्याज उत्पादक किसान क्रांति महा-रैली’ का आयोजन किया, जिसका नेतृत्व महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल कर रहे थे। रैली के दौरान महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा, “भारत का प्याज ही दुनिया भर में प्याज की कीमतें तय करता है। पिछले कुछ समय में प्रधानमंत्री मोदी ने बांग्लादेश के साथ रिश्ते खराब कर दिए हैं और उन्होंने (बांग्लादेश) हमारा प्याज खरीदना बंद कर दिया है। श्रीलंका और ईरान के साथ भी यही हुआ है, वे भी हमारा प्याज नहीं खरीद रहे हैं।”

आगे हर्षवर्धन सपकाल ने कहा, “मोदी ने हमारे पड़ोसी और मित्र देशों के साथ रिश्ते खराब कर दिए हैं और जब तक यह दरिद्र प्रधानमंत्री पद पर रहेगा, कोई भी देश हमारा प्याज आयात करने को तैयार नहीं होगा।”

‘बेवकूफ मोदी’ को बांग्लादेश से स्पष्ट कहना चाहिए- हर्षवर्धन सपकाल

आगे उन्होंने कहा, “देश में हम रोज डीजल के लिए कतारों में खड़े हैं और वहाँ मोदी लाखों लीटर डीजल और पेट्रोल बांग्लादेश भेज रहे हैं। यह बेवकूफ भले ही ऐसा कहना सही न हो, लेकिन मैं फिर भी कहूँगा कि इस (आपत्तिजनक भाषा) मोदी’ को बांग्लादेश से स्पष्ट कहना चाहिए कि अगर तुम्हें डीजल चाहिए, तो तुम्हें हमारा प्याज भी खरीदना होगा, लेकिन वह ऐसा नहीं कर रहा है।”

मुख्यमंत्री ने दिया ये जवाब

इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा, “प्याज की कीमत 15 रुपये किलो तय कर दी गई है। हम केंद्र सरकार के साथ एक मीटिंग करने जा रहे हैं। कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं और फोटो खिंचवाने के मौके तलाश रहे हैं। उनके कार्यकाल के दौरान प्याज की कीमतें कितनी थीं, यह बात किसी से छिपी नहीं है। प्रणिती शिंगे हाल ही में सांसद बनी हैं। मैं उन्हें समझदार मानता हूं, लेकिन मैं उस इंसान के बारे में क्या बोलूं जो पीएम मोदी के बारे में ऐसी राय रखता है?”

यह भी पढ़ें: बकरीद से पहले मुंबई की एक सोसायटी में विवाद, शेड बनाने का विरोध, हिंदू पक्ष ने पढ़ी हनुमान चालीसा

मुंबई में बकरीद से पहले एक सोसायटी में तनाव का माहौल बन गया और हिंसा भी हुई। तनाव की वजह यह है कि बकरीद से पहले सोसायटी में बकरियों को रखने के लिए शेड बनाया गया था लेकिन सोसायटी के लोगों और हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें