राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर तमिलनाडु कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए भाजपा और आरएसएस पर मंदिरों का इस्तेमाल चंदा जुटाने के लिए करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने वित्तीय अनियमितताएं का भी आरोप लगाया।

उन्होंने इस मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की और आरोप लगाया कि राम मंदिर के लिए दिए गए दान से संबंधित एक वित्तीय घोटाला हुआ है। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के अब तक इस मामले पर चुप्पी साधे रहने पर सवाल किया और पूछा प्रधानमंत्री ने इस मामले पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी?

PM मोदी खामोश क्यों हैं- मणिकम टैगोर

मणिकम टैगोर ने कहा, “अयोध्या राम मंदिर से जुड़े 7 करोड़ से 7.5 करोड़ रुपये का घोटला हुआ है। मुझे समझ नहीं आता कि प्रधानमंत्री इस मामले पर खामोश क्यों हैं? आरएसएस और भाजपा मंदिरों का इस्तेमाल करके चंदा इकट्ठा कर रहे हैं। भाजपा मंदिरों को भक्तों को सौंपने की बात इसलिए कह रही है ताकि वहां जमा पैसों तक वह पहुंच सके। भाजपा हर राज्य में यह तरीका अपना रही है।”

उन्होंने ये श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दान की गई धनराशि के कथित गबन की जांच जारी रहने के बीच टिप्पणी की।

अयोध्या संत मंडल ने चंपत राय को दिया समर्थन

इस बीच, अयोध्या संत मंडल ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को अपना समर्थन देते हुए ट्रस्ट से आग्रह किया कि विवाद के बीच उनका इस्तीफा स्वीकार न किया जाए।

शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए संतो ने कहा कि वे चंपत राय को सालों से जानते हैं। वे एक ईमानदार और समर्पित व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं और इस मामले को एसआईटी से जांच कराने के उनके फैसले की सराहना की।

उत्तर प्रदेश सरकार ने जांच का दायरा बढ़ाने और कथित गबन के सभी पहलुओं की व्यापक जांच करने के लिए एसआईटी को 15 दिन का विस्तार दिया है। जांच जारी होने के कारण 6 जुलाई को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक होनी है।

यह भी पढ़ें: ‘केजरीवाल, प्रियंका गांधी, संजय सिंह, राम गोपाल यादव से की जाए पूछताछ’, राम मंदिर चढ़ावा मामले में VHP अध्यक्ष ने की मांग

अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। इसी बीच विपक्ष के आरोपों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की जांच कर रहे अधिकारी को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा कि इस मामले में सार्वजनिक रूप से आरोप लगाने वाले विपक्षी नेताओं को तलब किया जाए और उनसे अपने दावों को साबित करने के लिए कहा जाए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें