BJP को Punjab Municipal Election Results में झटका! 8 में से 6 नगरपालिकाओं में कांग्रेस की जीत
कांग्रेस की जीत के साथ ही किसानों के गुस्से का असर अकाली दल और भाजपा दोनों पर देखा गया।

Punjab Municipal Corporation Election Results: पंजाब में नगर निकाय चुनावों के नतीजे लगभग तय हो चुके हैं। कई जगहों पर अब आखिरी कुछ चरणों की गिनती जारी है। यह चुनाव कांग्रेस के लिए बेहतरीन साबित हुए हैं। पार्टी ने कुल आठ नगरपालिकाओं में से अब तक 6 में जीत दर्ज कर ली है। वहीं, तीन निकायों में कांग्रेस ने बढ़त बना रखी है।
किन नगरपालिकाओं में कांग्रेस को मिली जीत?: अब तक आए आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस को अबोहर, बटाला, बठिंडा, कपूरथला, होशियारपुर और मोगा में जीत मिल चुकी है। वहीं होशियारपुर और पठानकोट में कांग्रेस बाकी विपक्षी दलों से आगे है। इन सभी सीटों पर कांग्रेस ने लगभग एकतरफा जीत दर्ज की है। उसे सिर्फ मोगा में अकाली दल की तरफ से थोड़ी चुनौती मिली। हालांकि, बाकी सभी नगरपालिकाओं में उसका दबदबा बना रहा।
अब तक कहां क्या रहे हैं नतीजे?: अबोहर में 50 सीटों में से कांग्रेस को 49 वॉर्डों में जीत मिली है, जबकि एक वॉर्ड अकाली दल के खाते में गया है। वहीं, बटाला की 50 सीटों में से 21 के नतीजे आए हैं, इनमें 17 में कांग्रेस और दो पर अकाली दल और एक पर भाजपा को जीत मिली। एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है।
दूसरी तरफ बठिंडा में 50 वॉर्डों में 43 कांग्रेस के पास और 7 अकाली दल के पास हैं। यहां भाजपा और आप दोनों का ही सूपड़ा साफ हो गया। इसके अलावा होशियारपुर के 50 वॉर्डों में भी कांग्रेस को 41 सीटें मिलीं और अकाली दल, भाजपा के हाथ खाली रहे। हालांकि, आप और अन्य पार्टियों को दो सीटें मिली हैं।
कपूरथला में कांग्रेस ने 45 वॉर्डों में जीत हासिल की है। अकाली दल को यहां तीन वॉर्ड मिले, जबकि आप और भाजपा यहां भी सीट जीतने में नाकाम रहे। अकाली दल के लिए एकमात्र राहत देने वाली नगरपालिका मोगा की रही, जहां 50 सीटों में से 15 उसे मिलीं। यहां कांग्रेस 20 सीटें पाकर सबसे बड़ी पार्टी रही। आप को 4 और भाजपा को यहां एक सीट मिली। अन्य ने यहां 10 पर जीत हासिल की।
भाजपा के लिए सबसे बेहतर नतीजे पठानकोट में आए। यहां 50 सीटों में से 37 पर कांग्रेस की जीत हुई, जबकि 11 पर भाजपा ने जीत दर्ज की। अकाली दल और अन्य के खाते में एक-एक सीट आई है।