कांग्रेस के भावनगर नगर अध्यक्ष पर अपने ही उम्मीदवार के अपहरण का मामला दर्ज किया गया। हालांकि, इसके कुछ घंटे बाद कहानी में नया मोड़ आया। भावनगर नगर निगम (BMC) चुनाव में अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार का कथित तौर पर अपहरण करने के आरोप में भावनगर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोहरसिंह गोहिल उर्फ ​​लालभा को बोरतालाव पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया गया। जिसके कुछ घंटों बाद, उम्मीदवार ने खुद एक वीडियो जारी किया और एक नोटरीकृत हलफनामा प्रस्तुत किया जिसमें कहा गया कि वह लोकतंत्र की रक्षा के लिए पड़ोसी अमरेली जिले में छिप गया है।

भावनगर एसपी नितेश पांडे ने पुष्टि की कि भरत रमेश कंबड़ के अपहरण के आरोप में लालभा गोहिल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उन्हें पूछताछ के लिए बोरतालाव पुलिस स्टेशन लाया गया था लेकिन बाद में उन्हें जाने दिया गया। एफआईआर कांग्रेस उम्मीदवार भरत रमेश के भाई शैलेश रमेश कंबड़ की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी, जिसमें कहा गया था कि कंबड़ 14 अप्रैल से लापता हैं।

कांग्रेस ने लगाया भाजपा पर घटिया राजनीति का आरोप

कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने बुधवार रात भाजपा पर स्थानीय निकाय चुनावों से कांग्रेस उम्मीदवारों को नामांकन वापस लेने के लिए घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया। गोहिल ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “हमारे उम्मीदवार ने अपनी मर्जी से भावनगर छोड़ा था, फिर एक वीडियो बनाया और इसके बावजूद पुलिस ने भावनगर नगर अध्यक्ष लालभा गोहिल पर अपहरण का मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। उम्मीदवार द्वारा हलफनामा जमा करने के बाद ही उन्हें छोड़ा गया। लेकिन मैंने अपने जीवन में सत्ता का ऐसा दुरुपयोग कभी नहीं देखा। इस मामले में एफआईआर भी संदिग्ध है जिसमें उम्मीदवार का भाई कह रहा है कि किसी ने उसे बताया है कि उसके भाई का अपहरण हो सकता है।”

कांग्रेस उम्मीदवार ने जारी किया वीडियो

भरत रमेश ने भावनगर नगर निगम (बीएमसी) के वार्ड-8 से वडवा-ए सीट से अपना नामांकन दाखिल किया है। नोटरीकृत दस्तावेजों में कहा गया है, “मैं पूरी गंभीरता से शपथ लेता हूं कि चूंकि मैं बीएमसी से कांग्रेस पार्टी का उम्मीदवार हूं इसलिए नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि से पहले मुझ पर किसी भी तरह का दबाव, प्रलोभन या धमकी न आए, इसके लिए मैंने अपनी इच्छा से और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भावनगर से दूरी बनाए रखी है। मुझे किसी ने भी मेरी मर्जी के खिलाफ अगवा नहीं किया है। जब मैं अमरेली पहुंचा तब मुझे पता चला कि मेरे अपहरण की अफवाहें फैली हुई हैं। यह मेरा शपथपत्र है जिसमें मैं यह कहता हूं कि मैंने अपनी मर्जी से ही यह जगह छोड़ी है और मेरे अपहरण की कोई भी शिकायत झूठी है।

दूसरे कांग्रेस उम्मीदवार के अपहरण की FIR

यह एफआईआर कच्छ जिले के रापर तालुका पंचायत की बेला सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के अपहरण के मामले में दर्ज की गई थी। यह एफआईआर 13 अप्रैल को कच्छ (पूर्व) के अदेसर पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी, जब रापर के भीमासर गांव के निवासी महेश केशव भील ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन लोगों ने 12 अप्रैल की देर रात उनके 23 वर्षीय भाई राजेश केशव भील का अपहरण कर लिया था। भील अनुसूचित जनजाति समुदाय से संबंध रखते हैं। कच्छ (पूर्वी) पुलिस ने बताया कि भील की तलाश जारी है।

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव 2026: 9 सीटों पर 12 मई को होगा मतदान

भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनावों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। कुल नौ अहम सीटें, जो फिलहाल विधायकों द्वारा चुने गए सदस्यों के पास हैं, 13 मई 2026 को खाली हो जाएंगी। चुनाव की अधिसूचना अगले गुरुवार जारी होने की संभावना है। मतदान 12 मई को होगा और उसी दिन शाम को मतगणना भी की जाएगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें