Bihar Congress President: कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष (Bihar Congress President) की कमान राज्यसभा सांसद डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह (Dr. Akhilesh Prasad Singh) को सौंपी गई है। सोमवार (5 दिसंबर, 2022) को कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) ने यह जानकारी दी। वेणुगोपाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अखिलेश प्रसाद सिंह को सौंपी है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
वहीं, उन्होंने अध्यक्ष के तौर पर मदन मोहन झा (Madan Mohan Jha) के कार्यकाल की भी सराहना की। अब अखिलेश प्रसाद सिंह ने मदन मोहन झा की जगह ली है। बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता आसित नाथ तिवारी ने भी अखिलेश प्रसाद सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर खुशी जाहिर की है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। केंद्रीय नेतृत्व के इस फैसले से पार्टी कार्यकर्ता काफी खुश हैं। उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश सिंह के अध्यक्ष बनने से बिहार में पार्टी को एक नई दिशा मिलेगी। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी। पार्टी प्रवक्ता ने यह भी कहा कि अखिलेश के नेतृत्व में जनता के मुद्दों की जो लड़ाई है, उसे एक नई दिशा मिलेगी।
कौन हैं अखिलेश प्रसाद सिंह
अखिलेश प्रसाद सिंह फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं। इससे पहले वे बिहार विधानसभा के पूर्व सदस्य और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने साल 2004 में राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर लोकसभा का चुनाव भी जीता था। उस समय मनमोहन सिंह की सरकार में उन्हें कृषि, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग का मंत्री बनाया गया था। साल 2009 में अखिलेश राजद छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
बता दें कि बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट पर सोमवार को उपचुनाव हुआ है। इस दौरान 57.9 फीसद वोटिंग दर्ज की गई है, जबकि विधानसभा के आम चुनाव में यहां पर करीब 64 फीसदी वोटिंग हुई थी। इसका मतलब उपचुनाव में 6 फीसदी कम मतदान हुआ है। अब 8 दिसंबर को इस सीट पर नतीजों की घोषणा की जाएगी।