मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में दो पक्षों के बीच गुरुवार को जमकर हिंसा हुई। यह घटना सिहोरा इलाके के आधार चौक क्षेत्र में हुई, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और हालात को नियंत्रित कर लिया गया।

जबलपुर में हुआ क्या?

जानकारी के अनुसार, आधार चौक क्षेत्र स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। ‘आज तक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को मंदिर में आरती और पास की मस्जिद में नमाज लगभग एक ही समय पर हो रही थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

इसके बाद एक युवक के साथ मारपीट का मामला भी सामने आया। कुछ अज्ञात लोगों द्वारा मंदिर की ग्रिल तोड़ने की बात कही जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और हिंसा की स्थिति बन गई।

पुलिस ने क्या बताया?

जैसे ही जिला मुख्यालय को सूचना मिली, पुलिस और सुरक्षा बलों को तुरंत मौके पर भेजा गया। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने ‘आज तक’ से बातचीत में बताया कि किसी भी धार्मिक स्थल को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा है। दोनों पक्षों में से कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं है और स्थिति अब नियंत्रण में है। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है।

एमपी के अलावा यूपी में भी ऐसी घटनाएं देखने को मिली हैं। कई जगह सांप्रदायकि तनाव पैदा हुआ है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें