सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) शुक्रवार को लखनऊ में प्रदर्शन करेगी। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली और पुणे में दो सफल शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के बाद वह शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए छात्रों के साथ लखनऊ में प्रदर्शन करेंगे।
दीपके ने X पर इसकी जानकारी दी। लखनऊ के ईको गार्डेन में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम है जहां सीजेपी के समर्थक नीट पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे।
इससे पूर्व पुणे में प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया गया था।
फिर से जाएंगे दिल्ली
दीपके ने चेतावनी दी कि यदि प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर प्रधान ने इस्तीफा नहीं दिया तो वे दिल्ली जाएंगे और 20 जून को फिर से विरोध प्रदर्शन करेंगे। दीपके ने पुणे में कहा कि नीट, सीबीएसई और सीयूईटी परीक्षा में शामिल हो रहे विद्यार्थियों को अन्याय का सामना करना पड़ा है और सरकार जवाबदेही तय करने में फेल रही है।
दीपके ने कहा, “आंदोलन की शुरुआत से ही हमारी एक ही मांग रही है और वह है धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तय करना होगा कि एक करोड़ विद्यार्थी महत्वपूर्ण हैं या अक्षम मंत्री। उन्होंने कहा कि 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले जयपुर, लखनऊ, अमृतसर और बेंगलुरु समेत विभिन्न शहरों में इस आंदोलन के तहत प्रदर्शन करेंगे।
सोशल मीडिया अकाउंट्स को सस्पेंड करने का आरोप
दीपके ने कहा, ”जब तक हमें शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं मिलता, तब तक हम वापस नहीं लौटेंगे। एक करोड़ से अधिक छात्रों का भविष्य खतरे में डालने के लिए वही जिम्मेदार हैं।” दीपके ने कहा कि वह सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन उनका आरोप है कि वार्ता के बजाय सरकार सीजेपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स को सस्पेंड कर रही है।
सीजेपी ने छह जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन किया था, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए छात्रों और युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों के लिए जवाबदेही तय करने और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई थी।
Explained: CJP को कॉकरोच चुनाव चिन्ह मिल सकता है या नहीं?
देश में इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी” की चर्चा काफी तेज है। कुछ दिनों पहले राजधानी दिल्ली में हुए एक विरोध प्रदर्शन में भी कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद से लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या कॉकरोच जनता पार्टी भविष्य में खुद को एक राजनीतिक दल के रूप में स्थापित करने जा रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
