Abhijeet Dipke News: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया है कि उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। अभिजीत दीपके ने अपने X हैंडल पर कहा कि जिस जगह पर वह रह रहे हैं, उसे चारों ओर से पुलिसकर्मियों ने घेर रखा है। उन्होंने कहा कि ये पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में मौजूद हैं।
अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि कुछ लोग लगातार उन पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी लगातार उनका पीछा कर रही है।
‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च निकालने का ऐलान
अभिजीत दीपके ने शुक्रवार शाम को सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च निकालने का ऐलान किया है। सीजेपी ने लोगों से 16 अक्टूबर को शाम पांच बजे सेंट्रल पार्क में पहुंचने की अपील की है और लोगों से तिरंगा झंडा लेकर आने को कहा है।
इसे लेकर दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में धारा 163 लागू है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि लोग वहां पर इकट्ठा ना हों।
दो दिन बंद रहेगा सेंट्रल पार्क
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि सीजेपी के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के दौरान कुछ लोगों को या छोटे समूह को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति दी जा सकती है। दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी एवं डीसीपी नेहा यादव ने बृहस्पतिवार शाम को पत्रकारों से कहा कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर बताया है कि कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा।
पुलिस के मुताबिक, मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में शांति बनाए रखने तथा मानव जीवन और सरकारी एवं निजी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा पहले से लागू है।
डीसीपी नेहा यादव ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलने और राष्ट्रगान गाने के लिए कुछ लोगों के एक समूह के लिए उपयुक्त जगह पर व्यवस्था की जा सकती है।
डीसीपी नेहा यादव ने कहा कि कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी एवं बाजार संघों ने भी अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। व्यापारियों ने आशंका जताई है कि इससे खासकर त्योहारी मौसम में उनके कारोबार पर खराब असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में जलाया जाएगा 30 फुट ऊंचा कॉकरोच का पुतला
दिल्ली में इस साल पीतमपुरा की रामलीला कमेटी ने रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ ‘कॉकरोच’ का 30 फुट ऊंचा पुतला दहन करने का फैसला किया है। पीतमपुरा में रामलीला का आयोजन श्री केशव रामलीला समिति करती है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
