सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि उन पर हुए हमले के पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कुछ लोगों का हाथ था। दीपके ने दावा किया कि यह हमला असली मुद्दे से ध्यान भटकाने और छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश है।

जयपुर में सोमवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान दीपके के साथ मारपीट हुई थी। इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।

यह पूछे जाने पर कि वह इस हमले के लिए किसे जिम्मेदार मानते हैं, दीपके ने आरोप लगाया, ”वहां आरएसएस के कुछ लोग थे और इसमें कोई नयी बात नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ बोलता है तो इस तरह की घटनाएं होती हैं।

आरएसएस से संबंध होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दावों के बारे में पूछे जाने पर दीपके ने कहा, ”तो क्या इसीलिए उन्होंने कल मुझ पर हमला किया?” उन्होंने दोहराया कि उन पर हमला असली मुद्दे से ध्यान भटकाने और छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश था।

नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के समर्थन में शामिल होने लिए अभिजीत मंगलवार सुबह नागपुर पहुंचे।

शांतिपूर्ण विरोध जारी रखेंगे

दीपके ने कहा, ”हम अपने मुद्दों से नहीं भटकेंगे। जितना चाहो हम पर हमला कर लो। हम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे और अपने मुख्य मुद्दे से नहीं हटेंगे, जो एक करोड़ से अधिक छात्रों के साथ हो रहे अन्याय से जुड़ा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।”

पिछले कुछ दिनों में काफी चर्चा में आए दीपके ने कहा, ”इस तरह के हमले होते रहेंगे, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं। हम महात्मा गांधी और आंबेडकर के मार्ग पर चलते हैं। यह हमारा सत्याग्रह है और हम शांतिपूर्वक आगे बढ़ते रहेंगे।” सीजेपी लगातार नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।

प्रदर्शन में शामिल होने की अपील

दीपके ने नागपुर के निवासियों, छात्रों और युवाओं से मंगलवार शाम को चार बजे संविधान चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। अधिकारियों के अनुसार, नागपुर में प्रदर्शन को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भीड़ को देखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

CJP को कॉकरोच चुनाव चिन्ह मिल सकता है या नहीं?

देश में इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी” की चर्चा काफी तेज है। कुछ दिनों पहले राजधानी दिल्ली में हुए एक विरोध प्रदर्शन में भी कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों ने हिस्सा लिया था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।