उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अक्सर गोरखपुर के सांसद रवि किशन को लेकर मजाक करते रहते हैं। रवि किशन गोरखपुर से ही सांसद हैं, जहां से पहले योगी आदित्यनाथ सांसद रह चुके हैं। बुधवार को गोरखपुर में एक कार्यक्रम था और इसी दौरान योगी आदित्यनाथ ने महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए रवि किशन की चुटकी ले ली। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जब अगला चुनाव आएगा तो गोरखपुर के सांसद रवि किशन की जगह हो सकता है कोई महिला दावेदार भी हो जाए।

‘रवि किशन से छुट्टी मिल जाए’

सीएम योगी आदित्यनाथ नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र कर रहे थे। योगी आदित्यनाथ यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि गोरखपुर के लोग चाहते हैं कि अब उन्हें रवि किशन से छुट्टी मिल जाए। हालांकि यह बयान चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत देश में लोकसभा सीटों की संख्या 816 हो सकती है और इसमें 273 सीट महिलाओं के लिए रिजर्व हो सकती है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल संसद से पास हो चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी इच्छा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले यह लागू हो जाए।

बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना जरूरी- योगी

सीएम योगी बुधवार को गोरखपुर दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 144 बेड वाले बालिका छात्रावास का शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने फोरेंसिक रिसर्च लैब का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि वे नए भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।

अपनी सरकार की तारीफ करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलना भी एक चुनौती था लेकिन अब हालात बदल गए हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कामकाजी महिलाओं की संख्या 12 फीसदी थी जो अब बढ़कर 36 फीसदी हो गई है। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि अब महिलाएं बिना किसी डर के शहरों में पढ़ाई करने और नौकरी के लिए जा रही हैं।

(यह भी पढ़ें- नशा और स्मार्टफोन दोनों ही समान रूप से हानिकारक: सीएम योगी)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों पर स्मार्टफोन के दुष्प्रभावों पर बात की। सीएम ने चेतावनी दी कि स्मार्टफोन का बहुत ज्यादा इस्तेमाल उनके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। पढ़ें पूरी खबर