पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत 31 दिसंबर तक दो लाख से अधिक लोगों को नागरिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि सीएए के तहत 31 दिसंबर तक 2.50 लाख आवेदकों को नागरिकता मिल जाएगी।

उन्होंने पिछली सरकारों पर मतुआ समुदाय की अनदेखी करने का आरोप लगाया और दावा किया कि अगर टीएमसी सत्ता में बनी रहती तो यह ग्रेटर बांग्लादेश में बदल जाता।

25 हजार को मिली नागरिकता- शुभेंदु अधिकारी

मतुआ समुदाय के गढ़ उत्तर 24 परगना के ठाकुरनगर में ‘अंतरराष्ट्रीय मतुआ गोसाईं सम्मेलन 2026’ को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में अब तक केवल 25 हजार लोगों को ही सीएए के तहत नागरिकता मिली है।

उन्होंने कहा, “31 दिसंबर तक 2.50 लाख आवेदकों को नागरिकता देने के लिए उनकी सुनवाई की प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी।” अधिकारी ने मतुआ समुदाय के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की और कहा कि नागरिकता प्राप्त करने वाले अनुसूचित जाति के लोगों को SC सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे।

‘किसी ने मतुआ के बारे में नहीं सोचा’

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, कई सरकारें आईं और गईं लेकिन किसी ने मतुआ लोगों के बारे में नहीं सोचा। पीएम मोदी ने अपना वादा निभाया। अगर बंगाल से टीएमसी को नहीं हटाया जाता तो यह ग्रेटर बांग्लादेश बन जाता।

उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी ने शुरू से ही सीएए का विरोध किया था, यह सरकार आपसे जो भी वादा करती है, उसे संविधान के मुताबिक पूरा करेगी। हमारी सरकार मतुआ समुदाय के आशीर्वाद से बनी है। सीएए सर्टिफिकेट मिलने के बाद ही वोटर लिस्ट में नाम शामिल किए जाएंगे। आप अपने अधिकारो के लिए खुद दावा करेंगे। सरकार यह उम्मीद करती है।”

उन्होंने मतुआ समुदाय पर लंबे समय से हो रहे अत्याचार बताते हुए कहा, चूंकि ममता ने अन्याय किया ऐसे में ठाकुर ने उन्हें हटा दिया।

ठाकुरनगर बनेगा नगरपालिका

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगले बजट में ठाकुरनगर को एक नगरपालिका बना दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा, “बारुनी मेले को लेकर अब कोई अदालती लड़ाई नहीं होगी। ठाकुर मंच और ठाकुर-बाड़ी को बांटने की राजनीति बंद होगी। ममता और ज्योतिप्रिया मल्लिक द्वारा ठाकुर-बाड़ी को बांटने के लिए की जा रही राजनीति खत्म हो जाएगी। बारुनी मेले के लिए विशेष सहायता दी जाएगी। पीएम मोदी ने सिर्फ बातों या भाषणों से नहीं बल्कि अपने कामों से खुद को साबित किया है।”

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि ठाकुरनगर के लिए कुछ कर पाना उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

जानकारी दे दें कि मतुआ धार्मिक और सामाजिक आंदोलन 19वीं सदी के आखिर में हरिचंद ठाकुर के नेतृत्व में चले समाज सुधार आंदोलन से निकला था। बंटवारे से पहले पूर्वी बंगाल के नमाशुद्र समुदाय पर इसका गहरा प्रभाव था। बंगाल में नमाशुद्र समुदाय अनुसूचित जाति कैटेगरी में आता है। मतुआ समुदाय के कई लोगों की जड़ें आज के बांग्लादेश में हैं।

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल सरकार का फैसला, अब नए शिक्षक नहीं कर सकेंगे सक्रिय राजनीति; विपक्ष ने बोला हमला

पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नया विवाद और बहस शुरू हो गई है, क्योंकि राज्य की सुवेंदु सरकार ने सरकारी स्कूलों में नए नियुक्त होने वाले शिक्षकों के सक्रिय राजनीति में हिस्सा लेने पर पूरी तरह से रोक लगाने का कड़ा फैसला किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें