दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड के करीब 26 घंटे बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अब अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से मिलने के लिए रवाना हो रही हैं। हादसे के बाद से अब तक मुख्यमंत्री मौके या अस्पताल नहीं पहुंची थीं, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में सवाल भी उठने लगे हैं।
इससे पहले दिल्ली सरकार की ओर से मंत्री आशीष सूद ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से रिपोर्ट ली थी। राजधानी में बड़े हादसों के बाद मुख्यमंत्री के तुरंत मौके पर न पहुंचने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई गंभीर घटनाओं में उनके दौरे में देरी को लेकर विपक्ष आलोचना करता रहा है।
तीन मई की तड़के पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एसी विस्फोट के बाद लगी भीषण आग में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना में भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीड़ित परिवार से मुलाकात करीब दो दिन बाद, पांच मई को की थी।
इसी तरह 18 मार्च को द्वारका के पालम इलाके में हुए अग्निकांड में नौ लोगों की मौत के बाद भी मुख्यमंत्री के मौके पर न पहुंचने को लेकर सवाल उठे थे। मालवीय नगर हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने दक्षिण दिल्ली के जिलाधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और स्पष्ट किया है कि जांच में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, 26 घंटे बाद अस्पताल में पीड़ितों से मिलने का यह दौरा राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बना हुआ है, खासकर ऐसे समय में जब हादसे में 11 विदेशी नागरिकों की मौत हुई है। ये सभी मेडिकल वीज़ा पर भारत आए थे, और उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली की आग: लपटों से नहीं, लापरवाही से जलता शहर, बार-बार दोहराता एक ही सच | संपादकीय
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस साल आग लगने की घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि देखी गई है। इन हादसों से बार-बार महानगर के बुनियादी ढांचे, विद्युत प्रणालियों और सुरक्षा नियमों में खामियां सामने आती हैं। ताजा मामला दिल्ली के मालवीय नगर इलाके के एक होटल में लगी भीषण आग का है, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले विवेक विहार में लगी आग में नौ लोगों की जान चली गई थी। इस तरह की घटनाओं ने अवैध निर्माण, प्रशासनिक ढिलाई और कानूनों की अवहेलना की बढ़ती परिपाटी के खतरनाक गठजोड़ को उजागर किया। अग्नि सुरक्षा तंत्र और प्रशासनिक ढांचा कागजों तक सीमित हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
