MP CM in Bhojshala: मध्य प्रदेश के धार में स्थित भोजशाला मंदिर लंबे समय से चर्चा का केंद्र बना हुआ है। हाईकोर्ट ने इसे हाल ही में मंदिर के तौर पर मान्यता दी है। इसके बाद पूजा अर्चना भी शुरू हो गई और सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर में भोजशाला मंदिर पहुंचे और उन्होंने मां वाग्देवी (सरस्वती) का विधि विधान के साथ पूजन किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव के मंदिर आने का कार्यक्रम आज पहले से तय था, इसके चलते ही तमाम तैयारियां कर ली गई थीं और मंदिर में भव्य सजावट भी की गई थी। गर्मी के बावजूद यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भी देखने को मिली।

सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें

सीएम मोहन यादव ने भोजशाला परिसर और मंदिर में पूजा करते हुए तस्वीरें भी क्लिक करवाईं। इन्हें उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी शेयर किया है। सीएम ने अपने पोस्ट में भोजशाला को सनातन संस्कृति के स्वाभिमान का प्रतीक भी बताया।

इस दौरान सीएम मोहन यादव के साथ भोजशाला मंदिर में पूजन करने के लिए राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे थे।

बता दें कि जब परिसर के मंदिर होने को लेकर हाईकोर्ट में विवाद चल रहा था, तो हिंदुओं को केवल भोजशाला में सिर्फ मंगलवार के दिन ही पूजा करने का अधिकार था लेकिन हाईकोर्ट का निर्णय आने के बाद स्थिति बदल गई है, और विधि विधान से रोजाना पूजन शुरू हो गया है।

हाईकोर्ट ने फैसले में बताया था मंदिर

गौरतलब है कि 15 मई को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भोजशाला के लंबे समय से चल रहे विवाद पर फैसला सुनाया था, और इसे मंदिर घोषित किया था। हाईकोर्ट ने हिंदुओं को मंदिर में पूजा का अधिकार भी दिया था।

हाई कोर्ट के फैसले के एक दिन बाद विवादित धार भोजशाला हिंदू रंग में रंगा

धार भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद परिसर में नमाज अदा करने के लिए 2,000 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने के 24 घंटे से भी कम समय के भीतर इसे पूरी तरह से हिंदू धार्मिक स्थल में बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह सब मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के शुक्रवार को आए फैसले के एक दिन बाद हुआ। पढ़िए पूरी खबर…