उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक 6 साल की बच्ची को अगवा कर उसके साथ रेप और फिर उसकी हत्या करने वाले आरोपी एनकाउंटर में मार गिराया गया। पुलिस की गोलीबारी में आरोपी पहले घायल हुआ जिसे इलाज के लिए नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने आरोपी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया था।

यह मामला ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाने के अंतर्गत आने वाले हल्दोनी गांव का था। दरअसल, 28 अगस्त (शुक्रवार) को बच्ची घर से अचानक लापता हो गई थी। घरवालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की। पुलिस ने जब सीसीटीवी खंगालने शुरू किए तो पता चला कि बलराज नाम के आरोपी ने बच्ची को अगवा किया है और फिर जब पुलिस को बच्ची का शव मिला तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ कि बच्ची का रेप किया गया और फिर उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

कैसे हुआ एनकाउंटर?

बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए 5 टीमें बनाईं गई थीं। पुलिस ने शनिवार को दोपहर के वक्त आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया था कि उसके पास एक पिस्टल है और जब पुलिस उस पिस्टल को बरामद करने के लिए उसकी लोकेशन पर गई तो वहां उसने अपनी पिस्टल से पुलिस पर ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बलराज को गोली लगी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई।

बच्ची को बोरी में डालकर ले गया था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, बच्ची के परिजनों ने जब शिकायत दर्ज कराई और जब पुलिस ने जांच शुरू करते हुए सीसीटीवी खंगाले तो बच्ची के अगवा होने का खुलासा हुआ। आरोपी बच्ची को बोरी में डालकर ले गया था और घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बच्ची को बोरी में डालकर ले जाता हुआ दिख रहा था। कुछ फुटेज में आरोपी बच्ची को बहलाता-फुसलाता हुआ दिख रहा था।

जान पहचान वाला था आरोपी

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हल्दोनी गांव में रहने वाला एक युवक हलवाई का काम करता है। उसके एक बेटा और 2 बेटियां थीं। उसकी सबसे छोटी बेटी घर के पास ही सरकारी स्कूल में पढ़ती थी। बच्ची के चाचा के घर में आरोपी बलराज किराए पर रहता था। वह बच्ची के परिवारवालों को अच्छी तरह से जानता था। बच्ची के परिवार के लोगों ने ही आरोपी को पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने बलराज से पूछताछ की तो पहले वह गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

गांव से दूर खेत में मिला था बच्ची का शव

पुलिस को दिए बयान में बलराज ने बतायाथा कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या करके बच्ची का शव गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर खेत में फेंक दिया था। बच्ची का शव उसी बोरी से मिला था जिसमें बच्ची को अगवा किया था। बच्ची के घरवालों का कहना था किआरोपी जान-पहचान होने का फायदा उठाकर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।

यह भी पढ़ें: ‘मौत या आखिरी सांस तक जेल’, नवरात्रि गैंगरेप केस में ‘नो मर्सी’, 5 दोषियों के लिए गुजरात सरकार ने मांगी सबसे कड़ी सजा

गुजरात के वडोदरा में नाबालिग से हुए बहुचर्चित नवरात्रि गैंगरेप मामले में दोषी ठहराए गए पांच आरोपियों को अब कड़ी सजा का सामना करना पड़ सकता है। गुजरात सरकार ने मंगलवार, 25 अगस्त को विशेष POCSO अदालत से पांचों दोषियों को मौत की सजा देने या फिर उनकी प्राकृतिक मृत्यु तक उम्रकैद की सजा देने की मांग की। यहां पढ़ें पूरी खबर…