छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार को एक पावर प्लांट के बॉयलर में हुए विस्फोट के कारण आग लगने से 17 श्रमिकों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, सिकरी अस्पताल के सिंघी तराई क्षेत्र में वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट में 17 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया, “यह घटना कल दोपहर करीब 2:30 बजे घटी। यूनिट 1 में स्थित ब्रॉयलर की एक ट्यूब फट गई। कई मजदूर घायल हो गए और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से कुल पांच शव बरामद किए गए हैं। अब तक कुल 17 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है और 19 का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हम राज्य आपदा राहत बल की मदद ले रहे हैं। हम लगातार इलाके की निगरानी कर रहे हैं। कलेक्टर भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। हम पूरे जिले की निगरानी भी कर रहे हैं।”

सक्ती एसपी प्रफुल ठाकुर ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, “वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ट्यूबों में विस्फोट हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस स्टेशन को सूचित किया गया और तुरंत टीम मौके पर भेजी गई। सबसे पहले घायलों को पास के रायगढ़ अस्पतालों में भेजा गया, कुछ को अन्य अस्पतालों में भेजा गया। अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 लोग विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। शुरुआती आकलन से पता चलता है कि अब कोई व्यक्ति फंसा नहीं है, गहन जांच की जा चुकी है।”

मृतकों को 35 लाख रुपये का मुआवजा

सक्ती कलेक्टर अमृत विकास टॉपनो ने बताया, “अभी हमारा ध्यान प्रभावित परिवारों की सहायता पर है। मृतकों को 35 लाख रुपये का मुआवजा और परिजनों को नौकरी दी जाएगी जबकि घायलों को 15 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। चिकित्सा खर्च संयंत्र प्रबंधन द्वारा वहन किया जाएगा।”

सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह धमाका दोपहर करीब 2:30 बजे जिले के डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघीतराई गांव में स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में बॉयलर से टरबाइन तक हाई-प्रेशर भाप पहुंचाने वाली एक ट्यूब में हुआ। अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच करके जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

वेदांता प्लांट मैनेजमेंट का बयान

वहीं प्लांट मैनेजमेंट ने एक बयान में कहा है, ”आज दोपहर हमारे सिंघीतराई प्लांट की एक बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रभावित सभी लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार मिले।” उन्होंने कहा, ”हम घायलों को पूरा सहयोग दे रहे हैं और चिकित्सा टीम और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम घटना का पूरा विवरण जुटाने की प्रक्रिया में हैं, हमारे साझेदार और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस मुश्किल समय में, हमारी गहरी संवेदनाएं और सहानुभूति प्रभावित लोगों के परिवारों के साथ हैं।”

छत्तीसगढ़: वेदांता की यूनिट में भीषण विस्फोट

मंगलवार दोपहर छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक पावर प्लांट की बॉयलर यूनिट में धमाके के बाद कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यह धमाका वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में दोपहर करीब 2 बजे एक बॉयलर ट्यूब में हुआ। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें