चंडीगढ़ पुलिस ने एक कंपनी के साथ धोखाधड़ी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने एक कंपनी के सर्वर को हैक किया और 19 लाख रुपये के Amazon गिफ्ट वाउचर कोड चुरा लिए।

यह भी आरोप है कि इनका इस्तेमाल करके सोने के सिक्के खरीदे गए और बाद में इन सिक्कों को बेच दिया। आरोपियों के नाम गौरव सिंह और सिद्धार्थ पांडे हैं।

दोनों ही आरोपी B.Tech हैं। इनके खिलाफ चंडीगढ़ की कॉर्पोरेट इंसेंटिव सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी।

कैसे सामने आया मामला?

यह मामला तब सामने आया जब पिछले साल कई लोगों ने कंपनी से शिकायत की कि उन्हें जो गिफ्ट वाउचर कोड दिए गए थे, उन्हें पहले ही भुना लिया गया है। इस तरह कंपनी को दिसंबर, 2025 तक ऐसी कुल 271 शिकायतें मिली।

इस साल 3 फरवरी को कंपनी के मैनेजर ने पुलिस में शिकायत दी कि कंपनी की ओर से जारी किए गए Amazon गिफ्ट वाउचर कोड चोरी हो गए हैं। मैनेजर ने शिकायत में कहा कि इसकी वजह से कंपनी को 19 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

पुलिस के मुताबिक, सिद्धार्थ पांडे ने कंपनी के सर्वर हैक कर लिए और वाउचर कोड और गोपनीय डाटा को गौरव सिंह को दे दिया। गौरव सिंह ने फर्जी Amazon अकाउंट बनाकर इन वाउचर कोड को भुनाया। इससे जो पैसे मिले, उससे गौरव सिंह ने सोने के सिक्के और दूसरा कीमती सामान खरीदा। पुलिस ने बताया कि गौरव ने सिक्कों को प्रयागराज और फरीदाबाद की जूलरी की दुकानों में बेच दिया और इससे मिले पैसों को दोनों आरोपियों ने आपस में बांट लिया।

फोन और लैपटॉप बरामद

पुलिस ने बताया कि गौरव सिंह को 11 जुलाई को प्रयागराज में गिरफ्तार किया गया और उसके पास से मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड भी बरामद किए गए। सिंह से पूछताछ के बाद प्रयागराज से ही सिद्धार्थ पांडे को भी गिरफ्तार किया गया और एक लैपटॉप बरामद किया।

पुलिस ने कहा कि हो सकता है कि अपराध को अंजाम देने में इस लैपटॉप का इस्तेमाल किया गया हो। दोनों ही आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस की हिरासत में वहां से जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- वैष्णो देवी में चढ़ी 500 करोड़ की नकली चांदी?

श्री माता वैष्णो देवी धाम में 500 करोड़ रुपये की कथित नकली चांदी चढ़ाए जाने के मामले में अदालत ने जवाब मांगा है। कोर्ट ने क्राइम ब्रांच के जांच अधिकारी को रिकॉर्ड के साथ अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।