चंडीगढ़ में मंगलवार शाम 5 बजे पेट्रोल लंगर की खबर फैलते ही लोग बताए गए पेट्रोल पंपों पर लाइन लगा लिए, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें निराशा हाथ लगी। सोशल मीडिया पर राकेश त्रेहान नाम के एक व्यक्ति ने घोषणा की थी कि चंडीगढ़ के सेक्टर-10 और सेक्टर-7 के दो पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल लंगर लगाए जाएंगे। हालांकि जब लोग पहुंचे तो उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।

नहीं मिला लोगों को आज पेट्रोल

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सेक्टर 10 में एक फ्यूल पंप पर भारी बारिश के बीच वाहन मालिकों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि यहां, कोई फ्यूल नहीं बांटा गया। इस पर लोग नाराज नजर आए।

भारी बारिश के बीच एक बेबी नाम की महिला ने कहा, “मैं यहां पेट्रोल लेने आई थी। मैंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखा था, जिसके बाद मैं यहां पेट्रोल लेने आई। लेकिन हमें पेट्रोल नहीं मिला। अटेंडेंट ने मना कर दिया और कहा कि उनके पास इजाज़त नहीं है। उन्होंने सिर्फ 10-15 लोगों को ही टोकन दिए।”

एक और व्यक्ति अंशु ने कहा, “मैं यहां 2 घंटे से हूं। यहां जोरदार बारिश हो रही है। लेकिन वे हमें वापस भेज रहे हैं और शनिवार या रविवार को आने के लिए कह रहे हैं। यह गलत है; यह अपनी बात से मुकरने जैसा है। अब हम क्या करेंगे? हमें कुछ नहीं मिला।”

अब तीन दिन चलेगा पेट्रोल लंगर- राकेश त्रेहान

इधर सोशल मीडिया पर कथित कारोबारी राकेश त्रेहान उर्फ राजा दी किंग ने एक वीडियो जारी किया और बताया कि पेट्रोल लंगर टाल दिया गया है। उन्होंने कहा, आज पेट्रोल का लंगर लगाना था, लेकिन भारी बारिश की वजह से इसे टाल दिया गया है। मैं नहीं चाहता कि इतनी बारिश में लोग दूर-दूर से आएं। मैं नहीं चाहता कि कोई भीगे इसलिए आज का लंगर पोस्टपोन कर रहा हूं। अब शुक्रवार 21 अगस्त को उसी समय, उसी जगह लंगर लगेगा। वहीं आपको लंगर के कार्ड (कूपन) दिए जाएंगे। वह 22 और 23 अगस्त को भी चलेगा यानी यह लंगर तीन दिन चलेगा। आज मैं हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। मैं नहीं चाहता कोई बीमार हो, मेरे साथ के लोग भी मुझे रोक रहे हैं।

इससे पहले अमृतसर निवासी राजा ने मंगलवार शाम पांच बजे चंडीगढ़ में लोगों को मुफ्त पेट्रोल देने का वादा किया था। उन्होंने कहा था कि चंडीगढ़ के सेक्टर-10 और सेक्टर-7 के दो पेट्रोल पंपों पर बाइक,स्कूटर के लिए 500 रुपये और चार पहिया गाड़ी के लिए 1000 रुपये तक का पेट्रोल मुफ्त दिया जाएगा।