Chandigarh Mayor Elections : चंडीगढ़ का मेयर कौन बनेगा, यह आज स्पष्ट हो जाएगा। चंडीगढ़ नगर निगम में आज मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए वोट डाले जाएंगे। दिल्ली नगर निगम की तरह ही चंडीगढ़ नगर निगम में भी भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है।
चंडीगढ़ नगर निगम में मंगलवार सुबह 11 बजे मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होगा। इस चुनाव में कांग्रेस की तरफ से कोई प्रत्याशी नहीं उतारा गया है। भाजपा की तरफ से मेयर पद के लिए अनुप गुप्ता (Anup Gupta BJP) जबकि आम आदमी पार्टी की तरफ से जसबीर सिंह (Jasbir Singh AAP) को प्रत्याशी बनाया गया है।
मेयर चुनाव से पहले किसी भी खरीद फरोख्त के प्रयास से बचने के लिए भाजपा (BJP) और आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) दोनों ने अपने पार्षदों को दूसरे राज्यों में शिफ्ट कर दिया था। चंडीगढ़ नगर निगम में इस समय कुल 35 पार्षद हैं। मेयर चुनाव जीतने के लिए मेयर पद प्रत्याशियों को 19 वोटों की जरूरत है।
किसी पार्टी के कितने पार्षद
चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों के पास 14-14 पार्षद हैं। कांग्रेस के 6 पार्षद हैं जबकि एक पार्षद शिरोमणि अकाली दल से संबंध रखता है। साल 2021 में हुए चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव (Chandigarh Nagar Nigam Elections 2021) में आम आदमी पार्टी ने सबसे ज्यादा 14 सीटें जीती थी। भाजपा को 12 सीटें मिली थीं जबकि कांग्रेस को 8 सीटों से संतोष करना पड़ा था।
साल 2022 में जीती भाजपा
जनवरी 2022 में हुए चंडीगढ़ मेयर चुनाव भाजपा की जीत हासिल हुई थी। 2022 में हुए मेयर चुनाव में भाजपा ने आम आदमी पार्टी को 1 वोट से हरा दिया था। इस चुनाव में भाजपा की सरबजीत कौर को 14 वोट जबकि आम आदमी पार्टी की अंजू कात्याल को 13 वोट मिले थे। पिछले चुनाव में कुल 36 वोटों में से 28 डाले गए थे। 2022 मेयर चुनाव से 7 कांग्रेस और 1 शिरोमणि अकाली दल पार्षद ने दूरी बनाई थी। चुनाव से पहले कांग्रेस की प्रत्याशी हरप्रीत कौर बाबला भाजपा में शामिल हो गईं थीं। इसके अलावा चंडीगढ़ की सांसद का वोट भी भाजपा को मिला था।