Chandigarh Electoral Roll Names Missing: जम्मू-कश्मीर में एक मुठभेड़ के दौरान एक मां ने अपना इकलौता बेटा खो दिया। वहीं, एक परिवार पिछले तीन दशक से चंडीगढ़ के छात्रों को चाय और परांठे परोस रहा है और इतने ही समय से यहां मतदान भी करता रहा है। लेकिन विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद इन दोनों परिवारों समेत कई लोगों के नाम उस शहर की मतदाता सूची से गायब हो गए हैं, जिसे वे दशकों से अपना घर मानते आए हैं।

चंडीगढ़ की अंतिम मतदाता सूची में 460209 मतदाता हैं, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची में यह संख्या 659805 थी। यानी कुल 199596 मतदाता कम हो गए हैं। यह 30.25 प्रतिशत की कमी है। जिन लोगों के नाम हटाए जाने पर सवाल उठे हैं, उन्हें व्यक्तिगत सुनवाई के लिए नोटिस भेजे गए हैं।

86 वर्षीय वीणा शर्मा ने अपना इकलौता बेटा कैप्टन रोहित कौशल खो दिया था। 11 नवंबर 1995 को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में लड़ते हुए कैप्टन कौशल शहीद हो गए थे। उनकी वीरता के लिए उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था।

एसआईआर के दौरान पुराने मतदाता रिकॉर्ड में उनके उपनाम को लेकर अंतर मिलने के बाद 86 वर्षीय वीणा शर्मा का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के लिए चिह्नित किया गया। संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ने उन्हें नोटिस भेजकर व्यक्तिगत सुनवाई के लिए उपस्थित होने को कहा।

पति की मृत्यु के बाद वीणा शर्मा पिछले कुछ महीनों से वृंदावन में रह रही हैं। जब उन्हें नोटिस जारी किया गया, तब वह चंडीगढ़ में नहीं थीं। इसके बाद उनके दामाद विनोद वशिष्ठ ने यह मामला संभाला।

वशिष्ठ ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “2002 की मतदाता सूची में उनका उपनाम शर्मा था। उस समय वे सेक्टर 22 में रह रहे थे। बाद में जब वे सेक्टर 43 चले गए तो उनके मतदाता रिकॉर्ड में उपनाम कौशल हो गया। लेकिन पुराने मतदाता रिकॉर्ड में यह बदलाव नहीं किया गया था। इसके बाद उन्हें नोटिस भेजकर कहा गया कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से सुनवाई में उपस्थित होना होगा।”

परिवार को इस बात ने परेशान किया कि 86 साल की वीणा शर्मा को चंडीगढ़ आकर अपनी पहचान साबित करने के लिए कहा जा रहा था, जबकि उनकी पहचान साबित करने वाले कई सरकारी दस्तावेज मौजूद थे।

शहीद कैप्टन रोहित कौशल चैरिटेबल ट्रस्ट के संरक्षक वशिष्ठ ने कहा, “वह 86 साल की हैं और 40 साल से अधिक समय से चंडीगढ़ की मतदाता हैं। वह इस समय वृंदावन में रह रही हैं। उनसे केवल ऐसी बात साबित करने के लिए बार-बार चंडीगढ़ आने को नहीं कहा जा सकता, जिसे उनके दस्तावेज पहले ही साबित करते हैं।”

उन्होंने बताया कि वीणा शर्मा के आधार, पैन, पेंशनर कार्ड और पासपोर्ट में उनका वर्तमान उपनाम दर्ज है और ये सभी दस्तावेज उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा, “मुझे बार-बार चुनाव अधिकारियों से संपर्क करना पड़ा और समझाना पड़ा कि यह एक बुजुर्ग महिला हैं और मामला केवल उपनाम में अंतर का है। उनसे चंडीगढ़ में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने को कहा जा रहा था। लेकिन जब उनका आधार, पैन, पेंशनर कार्ड और पासपोर्ट पहले से मौजूद हैं तो 86 साल की महिला को इतनी दूर की यात्रा क्यों करनी चाहिए?”

आखिरकार वशिष्ठ बीएलओ के सामने पेश हुए और स्थानीय चुनाव अधिकारी अब इस मामले की जांच कर रहे हैं। हालांकि, वशिष्ठ का कहना है कि इस घटना से उन बुजुर्ग मतदाताओं को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा होता है, जिनके मामलों को आगे बढ़ाने के लिए परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा, “उन्होंने अपना इकलौता बेटा पहले ही देश को दे दिया था। यह देखकर दुख हुआ कि आज उन्हें अपने मतदान के अधिकार को साबित करने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यह प्रक्रिया हमें उन बुजुर्ग मतदाताओं के बारे में सोचने पर मजबूर करती है, जिनकी ओर से उनका मामला उठाने वाला कोई व्यक्ति नहीं हो सकता।”

तीन दशक से चाय-परांठे परोस रहा, अब पूरा परिवार ही लिस्ट से गायब

तीन दशक से अधिक समय से सेक्टर 35-डी की चाय-परांठे की दुकान चंडीगढ़ की छात्र जिंदगी का हिस्सा रही है। छात्रों की कई पीढ़ियां, पीजी में रहने वाले युवा और कॉलेज जाने वाले लोग वहां चाय के गर्म प्यालों और परांठों की प्लेट के साथ समय बिताते रहे हैं।

लेकिन 1997 से इस दुकान को चलाने वाले परिवार के लिए चंडीगढ़ से तीन दशक से अधिक पुराना यह रिश्ता उनके नामों को मतदाता सूची में बनाए रखने के काम नहीं आया।

सेक्टर 42-बी, अटावा में परिवार के साथ रहने वाले 35 वर्षीय मनोज ने बताया कि उनकी पत्नी, उनके भाई अनिल और कृष्ण तथा उनकी मां, सभी के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उनके पिता भी चंडीगढ़ के मतदाता थे।

मनोज ने कहा, “हम काम के लिए यहां आए थे। बीएलओ ने हमें बताया कि हमारा घर बंद था और वे हमें ढूंढ नहीं सके। उन्होंने हमारे पूरे परिवार के नाम काट दिए हैं – मेरी पत्नी, मेरे भाई अनिल और कृष्ण और मेरी मां के। मेरे पिता भी यहीं मतदान करते थे। यह दुकान उन्होंने ही 1997 में शुरू की थी।” मनोज के लिए नाम हटाया जाना समझ से परे है, क्योंकि चंडीगढ़ में मतदान करना दशकों से उनके परिवार की जिंदगी का हिस्सा रहा है।

उन्होंने कहा, “मैं यहीं पैदा हुआ हूं… मेरे भाई भी यहीं पैदा हुए हैं। हम 18 साल की उम्र से मतदान करते आ रहे हैं। मेरे पिता भी यहीं मतदान करते थे।” फिलहाल किराये के मकान में रहने वाले मनोज ने सवाल उठाया कि किरायेदार होना मतदाता सूची से बाहर किए जाने का कारण क्यों बनना चाहिए।

उन्होंने कहा, “सिर्फ इसलिए कि हम किराये पर रहते हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि हमें मतदाता सूची से बाहर कर दिया जाए। हम वर्षों से यहां रह रहे हैं और काम कर रहे हैं। मैंने बीएलओ से कहा है कि वह हमारे घर आकर हमारा सत्यापन कर लें, लेकिन वह नहीं आते।” उन्होंने बताया कि उनके पास अपना पता साबित करने वाले दस्तावेज भी हैं।

उन्होंने कहा, “इस दुकान के लिए सरकार की ओर से मुझे जो लाइसेंस दिया गया है, उसमें मेरा पता है। मेरे आधार कार्ड और दूसरे सभी दस्तावेजों में भी मेरा पता दर्ज है। फिर भी हमारा नाम काट दिया गया। सभी नाम क्यों हटा दिए गए? उन्हें आकर हमारा सत्यापन करना चाहिए।”

‘2002 की मतदाता सूची कैसे मांग सकते हैं? तब मैं सिर्फ छह साल का था’

वकील करणबीर सिंह के लिए 2002 की मतदाता सूची से अपना संबंध साबित करने की मांग एक पारिवारिक परेशानी बन गई है। उस समय वह केवल छह साल के थे। 30 वर्षीय करणबीर, उनकी पत्नी रुपल त्रिवेदी, बहन हरकृति सिंह, घरेलू सहायिका नीमा रावत और उनके बेटे पंकज रावत, सभी को सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरने के लिए कहा गया।

उन्होंने बताया कि परिवार के सभी पांच सदस्यों ने बीएलओ के पास जरूरी दस्तावेज जमा किए थे और तय समय के भीतर एसआईआर फॉर्म भी भर दिए थे। उन्होंने अपना फॉर्म 24 जून को जमा किया था।

इसके बावजूद बाद में उन्हें एक नोटिस मिला, जिसमें कहा गया था कि उनका वोट रद्द कर दिया गया है। उन्हें 4 अगस्त को सुनवाई के लिए बुलाया गया। अपना नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए उन्हें वहां फिर से दस्तावेज जमा करने पड़े। उन्हें सबसे ज्यादा हैरानी इस बात से हुई कि परिवार का 2002 की मतदाता सूची से संबंध साबित करने को कहा गया।

उन्होंने सवाल किया, “मैं उस समय छह साल का था। मेरी बहन तो पैदा भी नहीं हुई थी। वे हमसे 2002 की मतदाता सूची कैसे मांग सकते हैं?” बाद में परिवार को दस्तावेजों के दोबारा सत्यापन के लिए सेक्टर 17 बुलाया गया। करणबीर के लिए इस प्रक्रिया का मतलब था काम से समय निकालना, तय केंद्र तक जाना और लंबी कतारों में इंतजार करना, जबकि वे जरूरी दस्तावेज पहले ही जमा कर चुके थे।

उन्होंने कहा, “कहां जाना है या वास्तव में क्या करना है, इसकी स्पष्ट जानकारी लगभग नहीं थी। वहां कर्मचारियों की बहुत कमी थी और लोग घंटों कतार में खड़े रहे।” सेक्टर 17 के हालात बताते हुए करणबीर ने कहा, “सच कहूं तो ऐसा लग रहा था जैसे वहां पूरी तरह मछली बाजार लगा हुआ हो।”

यह भी पढ़ें: नया नहीं है वोटर लिस्ट से नाम हटाने का विवाद, 1951 मेंं मतदाता सूची से डिलीट कर दिए गए थे 28 लाख महिलाओं के नाम

How India Votes: Election Laws, Practice and Procedure – वो किताब है जिसमें भारत के पहले आम चुनाव की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची तैयार करने का दिलचस्प इतिहास दर्ज है। वी.एस. रमा देवी ( V.S. Rama Devi) और एस.के. मेंदीरत्ता (S.K. Mendiratta) की इस किताब के मुताबिक, 1951-52 के पहले आम चुनाव से पहले मतदाता सूची तैयार करते समय बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम एक खास वजह से दर्ज नहीं हो सके। आज करीब 75 साल बाद SIR में ‘Logical Discrepancy’ यानी तार्किक विसंगति के नाम पर मतदाताओं को नोटिस दिए जाने की प्रक्रिया एक बार फिर मतदाता सूची में नाम शामिल करने और हटाने के सवाल को सामने ला रही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक