Congress on Caste Reservation: जातिगत जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी एक बार फिर सत्ताधारी बीजेपी के खिलाफ आक्रामक हो गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विंग के अध्यक्ष अनिल जय हिंद ने कहा कि केंद्र सरकार ने जाति जनगणना से ओबीसी के लिए एक अलग कॉलम को हटाकर ओबीसी और पिछड़े समुदायों के साथ विश्वासघात किया है।
कांग्रेस नेता का कहना है कि ओबीसी समुदायों से संबंधित बीजेपी के सहयोगियों को उत्तर प्रदेश में अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करना चाहिए। इतना ही नहीं, कांग्रेस ने कहा है कि एनडीए के सहयोगियों को भी बीजेपी से सवाल पूछना चाहिए।
कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाए आरोप
दरअसल, अनिल जयहिंद ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के ओबीसी विंग के अध्यक्ष मनोज यादव के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ी बातें कही हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘सरकार ने संसद में कहा था कि जाति जनगणना के दूसरे चरण में ओबीसी के लिए एक कॉलम होगा, जो अधिसूचना में नहीं आया। यह देश की 52 प्रतिशत से अधिक आबादी वाले पूरे ओबीसी और पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ विश्वासघात है।’
इसके अलावा कांग्रेस नेता मनोज यादव ने कहा, ‘हम राज्य में भाजपा द्वारा किए गए इस विश्वासघात के खिलाफ अभियान चलाएंगे।’ अनिल जयहिंद ने कहा, ‘BJP ओबीसी के अस्तित्व को ही नकार कर संविधान को खत्म करने का सपना देख रहे हैं। मोदी और शाह सारी सत्ता हथियाना चाहते हैं और जो धन वे अडानी और अंबाडी को देना चाहते हैं, वही उन्हें चाहिए।’
अपनी मनमानी कर रही बीजेपी
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, ‘राहुल गांधी संसद में जाति सर्वेक्षण की मांग करते रहे हैं और इसी वजह से सरकार को इसे स्वीकार करना पड़ा, लेकिन देश को तेलंगाना मॉडल सामाजिक-आर्थिक, शैक्षिक, रोजगार, राजनीतिक और जाति (SEEEPC) सर्वेक्षण की जरूरत है। सच्चाई यह है कि मोदी सिर्फ अपनी मनमानी करते हैं और दूसरों की बात नहीं सुनते।’
इसके अलावा अनिल जयहिंद ने कहा, ‘जब तक आपके पास सही जातिगत आंकड़े नहीं होंगे, कोई भी नीति कारगर नहीं होगी। इन आंकड़ों से पता चलेगा कि समुदाय में किन चीजों की कमी है और उन्हें वास्तव में किस नीति की आवश्यकता है। मैंने 20 रुपये प्रति माह में एमबीबीएस किया था, लेकिन आज उसी शिक्षा को प्राप्त करने में लाखों रुपये लगते हैं।’
यह भी पढ़ें: ‘जाट समाज को टारगेट करना…’, चवन्नी वाले बयान को लेकर जयंत ने अखिलेश को दिया जवाब, मायावती ने क्या कहा?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्रीय मंत्री और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी पर निशाना साधा था। अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए जयंत चौधरी पर तंज कसते हुए कहा था कि हमने हमेशा सहयोगी दलों को आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा था कि हमने चवन्नी का रुपया बना दिया, तब भी लोग छोड़कर चले गए। वहीं अब जयंत ने अखिलेश पर निशाना साधा है और उन्हें अहंकारी बताया है। पढ़िए पूरी खबर…
