पंजाब कांग्रेस में चल रही उथल-पुथल के बीच पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह के परिवार का समर्थन मिला है। बूटा सिंह केंद्र की सरकार में गृह मंत्री रहे और सिख राजनीति के बड़े चेहरे थे। बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह और बेटी गुरकीरत कौर ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी से उनके घर पर मुलाकात की।

मीडिया से बातचीत में गुरकीरत कौर ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने मांग की थी कि मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार दलित समुदाय से होना चाहिए। गुरकीरत ने कहा कि हम चाहते हैं कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में लड़े।

इस बीच, चन्नी का खेमा शनिवार को पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल से मुलाकात करेगा। यह मुलाकात पार्टी के विधायक राणा गुरजीत सिंह के घर पर होगी।

वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने से नाराज

चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बनाए रखने के कांग्रेस हाईकमान के फैसले से नाराज हैं लेकिन अब माना जा रहा है कि चन्नी खेमा बैकफुट पर आ गया है। भूपेश बघेल ने स्पष्ट रूप से कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष को लेकर हाईकमान का फैसला अंतिम है और यह नहीं बदला जाएगा।

चन्नी समर्थकों का कहना है कि भूपेश बघेल के साथ होने वाली बैठक में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा को ना बुलाया जाए। इस बैठक में चरणजीत सिंह चन्नी और राणा गुरजीत सिंह के अलावा गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, फतेहगढ़ चूड़ियां के विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, गुरदासपुर के विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा, जालंधर के विधायक परगट सिंह और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु शामिल हो सकते हैं।

चन्नी खेमे का कहना है कि उन्होंने एआईसीसी के नेताओं के सामने वड़िंग के नेतृत्व को लेकर चिंता जताई थी और कहा था कि उनके पद पर बने रहने से पार्टी को चुनाव में नुकसान हो सकता है। चन्नी कैंप के एक सूत्र का कहना है कि वड़िंग ने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री स्वर्गीय बूटा सिंह का मजाक उड़ाकर अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय को नाराज किया था।

अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से जब पूछा गया कि वह और चन्नी कब एक मंच पर आएंगे तो उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में आप हम सबको एक साथ देखेंगे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें किसी भी नेता से कोई शिकायत नहीं है और कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में OBC वोट बैंक पर है बीजेपी का फोकस

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) पर फोकस कर रही है। राज्य के ओबीसी मतदाताओं तक पहुंचने के लिए बीजेपी ने बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।