केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीएसएनएल के निदेशक विवेक बंजल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यह कदम उनके उत्तर प्रदेश के प्रयागराज दौरे के दौरान दिए गए प्रोटोकॉल को लेकर उठे विवाद के बीच उठाया गया है। निदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। प्राप्त जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, एक चर्चित कार्यालय आदेश के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के चलते भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनल) बोर्ड के निदेशक विवेक बंजल के प्रयागराज दौरे को निरस्त किए जाने के बाद दो वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले की खबर है। सूत्रों के अनुसार जिन दो अधिकारियों का तबादला किया गया है उनमें जोगेश्वर वर्मा और बृजेंद्र कुमार सिंह हैं जो प्रयागराज में तैनात थे। बीएसएनल के इन अधिकारियों को संभवतः उस कार्यालय आदेश के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बंजल की 25 फरवरी से प्रयागराज की दो दिवसीय यात्रा रद्द हो गयी थी।

विवेक बंजल के प्रयागराज दौरे को लेकर आदेश

बीएसएनएल की वेबसाइट के अनुसार, बंजल 1987 बैच के भारतीय दूरसंचार सेवा के अधिकारी हैं और उन्हें इस क्षेत्र का 34 वर्षों से अधिक का अनुभव है। बीएसएनएल के एक सूत्र ने बताया कि कि जोगेश्वर ने विवादित कार्यालय आदेश पर हस्ताक्षर किये थे जिसमें बंजल की यात्रा के लिए लगभग 20 कार्य सौंपे गए थे। इनमें लगभग 50 अधिकारियों को संगम में पवित्र डुबकी लगवाने का काम भी शामिल था।

विस्तृत आदेश में 6 पुरुषों और 2 महिलाओं के लिए ‘स्नान किट’ का विवरण दिया गया था। साथ ही कार्यालय आदेश में घाट पर सामान्य उपयोग के लिए एक चादर और सूखे मेवे और फलों के कटोरे, बंजल के उपयोग के लिए होटल और सर्किट हाउस में शेविंग किट, तौलिया, अंत:वस्त्र, टूथपेस्ट, ब्रश, साबुन, शैम्पू, कंघी और तेल की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये गये थे।

इन अधिकारियों को ठहराया गया चूक का जिम्मेदार

बीएसएनएल के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मुद्दा यह है कि जिन अधिकारियों को चूक का जिम्मेदार ठहराया जा रहा है अगर उन्होंने अपनी मर्जी से वह काम किया है तो वह निश्चित रूप से जिम्मेदार हैं लेकिन अगर उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ऐसा किया तो इसका जिम्मेदार कौन है? ऐसा संभव है, इसलिए इन अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश को अदालत में चुनौती दिए जाने की संभावना अधिक है।”

बीएसएनल इंडिया ने 21 फरवरी को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बीएसएनल के पास वरिष्ठ अधिकारियों की यात्रा के सिलसिले में स्पष्ट दिशानिर्देश मौजूद हैं। इनका पालन न करने का एक मामला सामने आया है। यह मामला बीएसएनल के पेशेवर मानकों और मूल्यों के अनुरूप नहीं है।” पोस्ट में कहा गया, “संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, मौजूदा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। बीएसएनल कर्मचारियों को याद दिलाया जाता है कि वे इस बारे में तय आचरण, नियमों और निर्देशों का सख्ती से पालन करें।”

यह भी पढ़ें: मायावती के विधायक के आवास पर IT की रेड से योगी के मंत्री नाराज

उत्तर प्रदेश में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ, बलिया के आवास और सोनभद्र में उनकी कंपनी के दफ्तर पर आयकर विभाग की छापेमारी को लेकर योगी सरकार में मंत्री दिनश प्रताप सिंह ने नाराजगी जताई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

(भाषा के इनपुट के साथ)