दिल्ली आबकारी विभाग ब्रिटिश शराब पर सीमा शुल्क में कटौती लागू करने पर विचार कर रहा है। इससे राष्ट्रीय राजधानी में कुछ प्रीमियम ‘स्काच व्हिस्की’ की कीमत 15 फीसद तक घट सकती है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली सरकार की ओर से फैसला लिए जाने के बाद राष्ट्रीय राजधानी के खुदरा बाजार में कुछ लोकप्रिय स्काच की कीमत करीब 200 से 300 रुपये तक कम हो सकती है। इससे ब्रिटेन से आयात होने वाली शराब की कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है।

ब्रिटिश शराब पर घटेगा आयात शुल्क

पिछले साल भारत ने ब्रिटेन के साथ व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत ब्रिटिश शराब पर आयात शुल्क में कटौती का प्रावधान किया गया है। व्यापार समझौते के तहत भारत ब्रिटेन की व्हिस्की और ‘जिन’ पर शुल्क को 150 फीसद से घटाकर 75 फीसद करेगा। समझौते के 10वें वर्ष में इसे और घटाकर 40 फीसद किया जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि यह नीतिगत मामला होने के कारण फैसले को लागू करने में कुछ समय लग सकता है। फिलहाल दिल्ली आबकारी विभाग में पूर्णकालिक आबकारी आयुक्त नहीं है और यह पद रिक्त है। अभी इस पद का अतिरिक्त प्रभार नई दिल्ली के जिलाधिकारी के पास है।

उधर, दिल्ली में प्रीमियम शराब की दुकानों की संख्या भी बढ़ने की संभावना है। एक सरकारी अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि फिलहाल इंडियन मेड फॉरेन लिकर (IMFL) पर प्रति बोतल अधिकतम रिटेल मार्जिन 50 रुपये और विदेशी शराब पर 100 रुपये तय है।

अधिकारी ने कहा कि तय मार्जिन के कारण दिल्ली की शराब दुकानों पर 1000 रुपये से ज्यादा कीमत वाली प्रीमियम विदेशी शराब ज्यादा नहीं रखी जाती। इससे ग्राहक गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे पड़ोसी शहरों का रुख करते हैं जहां दुकानों पर ऐसा तय मार्जिन नहीं है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर दिल्ली में ब्लैक लेबल की कीमत 3500 रुपये है तो गुरुग्राम में यही शराब करीब 2400 रुपये में मिल सकती है। अधिकारी के मुताबिक, तय मार्जिन हटाने से इस अंतर को कम किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: दुर्गा पूजा: बंगाल में शुभेंदु सरकार ने किए बड़े बदलाव, पूजा कार्निवल रद्द; अष्टमी पर शराब बिक्री पर रोक

पश्चिम बंगाल की बीजेपी सरकार ने इस साल होने वाली दुर्गा पूजा को लेकर सोमवार को कई बड़े फैसलों का ऐलान किया। इनमें 2017 में पिछली TMC सरकार द्वारा शुरू किए गए सालाना पूजा कार्निवल को रद्द करना और महाअष्टमी के दिन राज्यभर में शराब की बिक्री पर रोक लगाना शामिल है। हालांकि सरकार पूजा समितियों को पहले की तरह एक लाख रुपये तक की आर्थिक मदद देती रहेगी। लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें लागू होंगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक