श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या स्थित राम मंदिर के संचालन के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की है। रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला सीईओ नियुक्त किया गया है। उन्होंने करीब 41 साल तक भारतीय वायुसेना में अपनी सेवाएं दी और अब वह ट्रस्ट की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस बीच बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन्हें बधाई दी है। साथ ही उन्हें सलाह भी दिया है।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “हम उन्हें बधाई देते हैं। ऑपरेशन सिंदूर और बॉर्डर पर काम करने और यहां काम करने में बहुत फर्क है। बॉर्डर पर दुश्मन सीधे दिखता है, जबकि यहां सब कुछ अप्रत्यक्ष है। बधाई उन्हें और देखते हैं क्या होता है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान काम किया था और अच्छा काम किया था। लेकिन यहां हालात अलग हैं। यहां छिपे हुए दुश्मन हैं, इसलिए थोड़ी सावधानी बरतनी होगी।”
कौन हैं जितेंद्र मिश्रा?
यूपी के देवरिया के रहने वाले जितेंद्र मिश्रा 6 दिसंबर 1986 को वायुसेना में नियुक्त हुए थे। एयरफोर्स में उनकी पहली नियुक्ति बतौर लड़ाकू विमान पायलट के रूप में हुई थी। ऑपरेशन सिंदूर के समय उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। ऑपरेशन सिंदूर के समय जितेंद्र मिश्रा वेस्टर्न कमांड के चीफ थे। ऑपरेशन सिंदूर से पहले उन्होंने कारगिल युद्ध में भी अहम जिम्मेदारी निभाई थी। उन्होंने उस वक्त मिराज 2000 से लेजर गाइडेड बम संचालन वाली टीम में अहम रोल अदा किया था।
ट्रस्ट में तीन सदस्य हुए शामिल
जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति के साथ ही ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें दिल्ली के सामाजिक कार्यकर्ता और कारोबारी महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की डॉक्टर निर्मला यादव का नाम शामिल है। महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है जबकि ट्रस्ट के पूर्व कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि को महासचिव बनाया गया है। मदन मोहन पांडेय और डॉक्टर निर्मला यादव को सदस्य के तौर पर ट्रस्ट में शामिल किया है।
चढ़ावा चोरी के मामले में विवाद के बाद चंपत राय को इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद से कृष्ण मोहन छह जुलाई से ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव के तौर पर कार्य कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- बीजेपी जिला अध्यक्ष रह चुके हैं निर्मला यादव के पति, ससुर थे जनसंघ के विभाग प्रचारक
शिकोहाबाद की रहने वाली डॉक्टर निर्मला यादव को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का नया ट्रस्टी बनाया गया है। इसके बाद से निर्मला यादव चर्चा में हैं। पढ़ें पूरी खबर
