Wrestlers Protest: कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने रविवार को कहा कि बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan) के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर चल रहे विवाद में कथित तौर पर उन्हें और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा (Deepender Hooda ) को घसीटने के लिए वह डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मानहानि का मामला दायर करने पर विचार कर रहे हैं।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी दोहराई। विनेश फोगट, बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और रवि दहिया सहित देश के कुछ शीर्ष पहलवानों ने सिंह पर महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने और ‘तानाशाह’ की तरह काम करने का आरोप लगाया है।
बृजभूषण सिंह ने लगाया था आरोप
एक टीवी चैनल से बात करते हुए डब्ल्यूएफआई प्रमुख ने कहा था कि विरोध करने वाले खिलाड़ी कांग्रेस और दीपेंद्र हुड्डा के हाथों का खिलौना बन गए हैं। इस तरह की साजिश मेरे खिलाफ करीब तीन दशक पहले कांग्रेस ने रची थी। एक बार फिर साजिश रची गई है। इसके जवाब में रोहतक में पत्रकारों से बात करते हुए हुड्डा ने कहा कि सिंह ने अनावश्यक रूप से इस मामले में उन्हें और उनके सांसद-पुत्र दीपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम घसीटा है। उन्होंने कहा कि वह डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष के खिलाफ मानहानि का मामला दायर करने पर विचार कर रहे हैं।
संदीप सिंह पर भी बोले भूपेंद्र सिंह हुड्डा
हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले के बारे में पूछे जाने पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उन पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि संदीप सिंह इस्तीफा दें। हुड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।
राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि लोगों ने राज्य में कांग्रेस की वापसी का मन बना लिया है। यह राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को हरियाणा में मिले ऐतिहासिक समर्थन में देखा जा सकता है।