Delhi School Bomb Threat: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नौ स्कूलों को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल पर मिली इस धमकी के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और इमरजेंसी सर्विसेज शुरू की गई। कथित तौर पर प्रमुख स्कूलों को सुबह 7:00 से 9:00 बजे के बीच बम की धमकियां मिलीं।
स्कूल कैंपस खाली कराया गया
रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली पुलिस को सतर्क कर दिया गया और अग्निशमन दल और बम निरोधक दस्ते को तुरंत संबंधित स्कूलों में तैनात किया गया। पुलिस ने कहा कि छात्रों और कर्मचारियों को तुरंत स्कूल कैंपस से बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। धमकी भरे ईमेल के सोर्स का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए फिलहाल जांच चल रही है।
सूत्रों के मुताबिक, ईमेल सुबह करीब 7.22 बजे भेजा गया था। भेजने वाले ने दावा किया कि सोमवार दोपहर करीब 1.11 बजे विस्फोट होगा। मैसेज में यह भी कहा गया कि 13 फरवरी को दोपहर 1.11 बजे संसद को निशाना बनाया जाएगा।
बता दें कि यह धमकी उस वक्त सामने आई है, जब इस तरह की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इस तरह के धमकी वाले कॉल महानगरों में इनदिनों आम हो गई है, जिससे इमरजेंसी सर्विसेज प्रभावित हो रही हैं और माता-पिता और स्कूल प्रशासकों के बीच काफी चिंता पैदा हो रही है।
बता दें कि इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी के पांच स्कूलों को 29 जनवरी की सुबह ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। बाद में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक तलाशी के बाद उन धमकियों को अफवाह बताया गया था।
इस मामले में जिन स्कूलों को धमकी मिली थी, उसमें दिल्ली छावनी में लोरेटो कॉन्वेंट, चितरंजन पार्क में डॉन बॉस्को स्कूल और आनंद निकेतन और द्वारका में कार्मेल कॉन्वेंट परिसर शामिल थे। उससे एक दिन पहले 28 जनवरी को द्वारका कोर्ट परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जो बाद में झूठी पाई गई थी।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने पहले कहा था कि बार-बार मिलने वाली धमकियों के सोर्स का पता लगाने के लिए जांच जारी है, चेतावनी दी गई है कि धोखाधड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों को सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
