सोमवार के सुबह पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में संदिग्ध विस्फोट के बाद एक गोदाम में आग लग गई। हादसे में 17 वर्षीय किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी 17 वर्षीय मोहम्मद सूफेद और उसके 38 वर्षीय मामा सहमद के रूप में हुई है। दोनों ई-रिक्शा की बैटरियां चार्ज कर रहे थे, तभी आग लग गई।

सुबह साढ़े चार बजे के करीब लगी आग

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली अग्निशमन सेवा  को सुबह 4:42 बजे आग लगने की खबर मिली। आग रघुबीर नगर के पांच मंजिला इमारत की पहली मंजिल में लगी थी। रिपोर्ट के अनुसार, बैटरी में संदिग्ध विस्फोट के बाद वहां रखे घरेलू सामान में भी आग गई। इस आग पर दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। 

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीसीआर कॉल मिलने के बाद उनकी एक टीम घटना स्थल पर पहुंची। यहां से वे सुफेद व सहमद को गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर्स ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की असल वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी

रिपोर्ट के अनुसार, सुफेद इस इमारत में अपने पिता मोहम्मद नसीब और सहमद के साथ रहते थे। ये तीनों लोग ई-रिक्शा चलाते थे और किराए के मकान में ही अपनी ई-रिक्शा बैटरियां चार्ज करते थे। पुलिस ने बताया कि आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: बैटरी से चलने वाले वाहनों की सुरक्षा पर सरकार सख्त, सभी संदिग्ध चीनी ऐप्स होंगे ब्लॉक

केंद्र सरकार ने BAT-BMS, Lossigy, and Epoch-i-ion ऐप्स को हटाने का निर्देश दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।

(यह खबर कल्याणी चौधरी ने लिखी है। वह जनसत्ता डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं।)