महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर के एक मंदिर में जब पूर्व मंत्री अब्दुल सत्तार महाशिवरात्रि के मौके पर पहुंचे तो बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने मंदिर में गोमूत्र का छिड़काव किया।
बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने ऐसा मंदिर का ‘शुद्धिकरण’ करने के लिए किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
महाशिवरात्रि के मौके पर रविवार को सिल्लोड के रहीमाबाद स्थित शिव मंदिर में शिवसेना विधायक व पूर्व मंत्री अब्दुल सत्तार पहुंचे थे। अब्दुल सत्तार नागेश्वर महादेव मंदिर गए थे। यह मंदिर लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय है और यहां महाशिवरात्रि के दिन हजारों श्रद्धालु आते हैं। अब्दुल सत्तार ने मंदिर जाकर भगवान शिव को प्रणाम किया था।
इसका पता चलने पर बीजेपी और कुछ अन्य संगठनों ने इसका विरोध किया और मंदिर का ‘शुद्धिकरण’ करने की बात कही।
शिवाजी-टीपू सुल्तान टिप्पणी को लेकर विवाद, पुणे में बीजेपी का प्रदर्शन, कांग्रेस बोली- पथराव हुआ
गोमांस खाते हैं सत्तार- बीजेपी नेता
बीजेपी की सिल्लोड इकाई के प्रमुख मनोज मोरेलू ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, ”अब्दुल सत्तार गोमांस खाते हैं और उन्होंने मंदिर की पवित्रता को भंग किया है।” मोरेलू ने कहा कि इसलिए हमने मंदिर को शुद्ध करने के लिए गोमूत्र का छिड़काव किया।
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि सत्तार मुसलमानों और हिंदुओं, दोनों को बेवकूफ बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह (सत्तार) हाल में हज पर गए थे और अब मंदिर जा रहे हैं।
बीजेपी के अलावा विरोध करने वाले कुछ अन्य संगठनों के लोगों का कहना था कि अब्दुल सत्तार मुस्लिम हैं, उन्हें पहले हिंदू धर्म स्वीकार करना चाहिए और उसके बाद ही वे किसी हिंदू देवता का आशीर्वाद ले सकते हैं।
हिंदू धर्म में गोमूत्र को बेहद पवित्र और शुभ माना जाता है। किसी व्यक्ति या वस्तु पर गोमूत्र छिड़ककर उसका ‘शुद्धिकरण’ किया जाता है।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र-बिहार और अब तमिलनाडु, महिलाएं कराएंगी CM स्टालिन की वापसी?
