Congress MP Angomcha Bimol Akoijam: बीजेपी की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिला। सांसदों ने मांग की कि यौन उत्पीड़न के आरोपी कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को लोकसभा से निलंबित किया जाए।
बीजेपी महिला मोर्चा ने सोमवार को इस मामले में दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। बीजेपी की महिला सांसदों ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी केवल पितृसत्ता को खत्म करने की बातें करते हैं लेकिन जब कार्रवाई करने की बात आती है तो वह चुप्पी साध लेते हैं।
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद बीजेपी महिला मोर्चा की प्रमुख रूप कुमारी चौधरी ने कहा, “महिलाओं ने लिखित शिकायत दी थी, जिसके बाद मामले की जांच के लिए एक आंतरिक समिति बनाई गई… महिलाओं के अधिकारों के लिए खड़े होने का दावा करने के बावजूद, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी ने इस मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं कहा है… प्रियंका गांधी का नारा, ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ सिर्फ़ एक नारे तक ही सीमित लगता है।”
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच में दोषी पाए जाने के बाद पिछले सप्ताह अकोइजम को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। वह जेएनयू के ‘स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज’ के अंतर्गत आने वाले ‘सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम’ में प्रोफेसर थे। खबरों के मुताबिक, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराईं थीं।
शिकायतों में आरोप लगाया गया कि अकोइजम ने मुलाकात के बहाने छात्राओं को जेएनयू परिसर स्थित अपने घर पर बुलाया और उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि वह कक्षा में अश्लील बातें करते थे।
यह भी पढ़ें- ‘औकात में बात करो’
उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुई झड़प में महिला कांग्रेस नेता ममता चौधरी और पार्टी के पूर्व राज्य अध्यक्ष अजय राय आमने-सामने आ गए। इसमें ममता चौधरी ने आरोप लगाया कि उनके और अन्य महिला कार्यकर्ताओं के साथ राय के समर्थकों द्वारा दुर्व्यवहार किया गया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
