Gujarat Civic Polls 2026: गुजरात में बीजेपी ने मंगलवार को गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) चुनाव में 44 में से 38 वार्डों में जीत दर्ज की है। बीजेपी ने थारा और ओखा नगरपालिकाओं में भी अपनी सत्ता बरकरार रखी है। राज्य चुनाव आयोग ने मंगलवार को नतीजों का ऐलान किया।

गांधीनगर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पांच वार्ड के साथ दूसरे नंबर पर रही जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती।

आम आदमी पार्टी (आप) इस बार अपना खाता भी नहीं खोल पाई। उसने पिछले जीएसमी चुनाव में एक सीट जीती थी। पिछला जीएमसी चुनाव अक्टूबर, 2021 में हुआ था जिसमें बीजेपी ने 44 में से 41 सीट जीती थीं, जबकि कांग्रेस को दो और आप को एक सीट मिली थी।

थारा में भी बीजेपी का जलवा

बनासकांठा जिले की थारा नगरपालिका में बीजेपी ने 24 में से 19 सीट जीतीं, जबकि कांग्रेस को बाकी पांच सीट मिलीं। थारा नगरपालिका चुनाव का परिणाम भी आज घोषित हुआ। देवभूमि द्वारका जिले की ओखा नगरपालिका में जिन 32 सीट के लिए मतदान हुआ, उनमें से बीजेपी ने 29 जीतीं, जबकि कांग्रेस को तीन सीट मिलीं।

ओखा में चार सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए क्योंकि इन सीट पर चुनाव मैदान में सिर्फ बीजेपी के उम्मीदवार ही बचे थे। इन चार सीट को मिलाकर बीजेपी ने नगरपालिका की कुल 36 में से 33 सीट हासिल कीं।

इन चुनाव नतीजों के साथ ही बीजेपी ने तीनों शहरी स्थानीय निकायों पर अपना कब्जा बनाए रखा है। तीनों शहरी निकायों के लिए वोटों की गिनती मंगलवार सुबह नौ बजे शुरू हुई थी।

गुजरात के निकाय चुनावों के नतीजे बताते हैं कि बीजेपी राज्य में काफी मजबूत है क्योंकि पार्टी गांधीनगर जैसे महत्वपूर्ण शहरी निकाय में अपना बहुमत बनाए रखने में सफल रही है। थारा और ओखा में सत्ता बरकरार रहने से भी पार्टी की राजनीतिक मजबूती मिली है। राज्य में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं।

यह भी पढ़ें- ‘कांग्रेस के 25 विधायक BJP में शामिल होने को तैयार’

कर्नाटक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र के एक दावे ने राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर दी है। दरअसल, सोमवार को उन्होंने मीडिया से बात करते हुए यह दावा किया कि अगर राज्य में अभी चुनाव की घोषणा हो जाए, तो कई कैबिनेट मंत्रियों समेत कांग्रेस के 25 विधायक बीजेपी में शामिल होने को तैयार हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।