उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत पर कासगंज जिले के सहावर थाने में FIR दर्ज की गई है। बीजेपी सांसद पर आरोप है कि उन्होंने अपने जीजा के घर और दुकान पर जबरन कब्जा कर लिया और उन्हें अपने राजनीतिक प्रभाव की वजह से घर से बाहर भी निकाल दिया। मुकेश राजपूज पर यह केस उनकी बहन रीना और उनके ससुराल पक्ष के लोगों ने ही दर्ज कराया है। एमपी-एमएलए कोर्ट के आदेश के बाद बीजेपी सांसद पर यह FIR दर्ज हुई है।

कुल 87 लोगों पर दर्ज हुआ केस

जानकारी के मुताबिक, अदालत के आदेश पर मुकेश राजपूत समेत 87 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस FIR में मुकेश राजपूत के अलावा उनके परिवार के सदस्यों, सुरक्षाकर्मियों और अन्य सहयोगियों समेत कुल 87 लोगों के नाम हैं। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई सात सितंबर 2025 को सांसद की बहन रीना और उनके ससुराल पक्ष के बीच हुए संपत्ति विवाद को लेकर हुई है।

सांसद पर लगे हैं ये आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस विवाद के दौरान सांसद ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए अपने जीजा रवींद्र को घर से बाहर निकलवा दिया। पीड़ित पक्ष ने अपनी शिकायत में दुकान और मकान पर कब्जे व मारपीट का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि रवींद्र को घर से बेदखल करने के बाद सांसद के भेजे हुए लोगों ने जबरन उनकी दुकान और मकान पर कब्जा कर लिया और इस दौरान मारपीट, बलवा और सामान लूटने जैसी वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने शुरुआत में दर्ज नहीं किया था केस

पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई। पुलिस द्वारा तत्काल कदम न उठाए जाने के बाद पीड़ित पक्ष ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था जिसके बाद कोर्ट ने FIR दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिया।

50 अज्ञात लोगों के नाम FIR में

कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए सहावर थाने में सांसद मुकेश राजपूत सहित 37 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट, बलवा, मारपीट और अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ओ. पी. सिंह ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों एवं सबूतों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा इनपुट के साथ

यह भी पढ़ें: हैदराबाद के एक व्यक्ति ने दायर कीं 24 आरटीआई, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने लगाया 6 लाख रुपये का जुर्माना

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सूचना के अधिकार अधिनियम (RTI) के प्रावधानों का दुरुपयोग करने के लिए हैदराबाद के एक व्यक्ति पर 6.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। हाई कोर्ट ने कहा कि RTI आवेदन दाखिल करने वाला शख्स अनावश्यक आरोप लगाता है। यहां पढ़ें पूरी खबर…