मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के खिलाफ आईपीएस एसोसिएशन ने एक्शन की मांग की है। प्रीतम लोधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह करैरा की एसडीओपी को लेकर अपशब्द कह रहे थे, उन्हें धमकी देते दिख रहे थे।

अब इस मामले में आईपीएस एसोसिएशन ने एक चिट्ठी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। एसोसिएशन ने जोर देकर कहा है कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा पुलिस अधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार न सिर्फ अपमानजनक है बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी चिंताजनक है।

IPS एसोसिएशन ने क्या कहा है?

एसोसिएशन ने मांग की है कि भाजपा विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। संगठन ने अपने बयान में यह भी कहा कि पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र माहौल मिलना चाहिए। यदि जनप्रतिनिधि दबाव बनाते हैं तो इसका सीधा असर कानून-व्यवस्था पर पड़ता है।

पूरा मामला क्या है?

जानकारी के लिए बता दें कि कुछ दिन पहले बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने अपनी थार गाड़ी से पांच लोगों को टक्कर मार दी थी। इस मामले में करैरा पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था और बाद में उन्हें पूछताछ के लिए थाने भी बुलाया गया था।

बीजेपी विधायक के क्या तर्क?

इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी आयुष जाखड़ ने कहा था कि दिनेश लोधी से थाने में पूछताछ की गई और बाद में उन्हें घटना स्थल पर भी ले जाया गया। हालांकि, प्रीतम लोधी का दावा है कि पुलिस अधिकारी ने उनके बेटे से कहा था कि वह भविष्य में करैरा में नजर न आए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रीतम लोधी यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि “करैरा किसी के बाप की जागीर नहीं है।” वीडियो में वह यह भी कहते हैं कि उनका बेटा करैरा जरूर आएगा और वहीं से चुनाव भी लड़ेगा।

ये भी पढ़ें- देश में आदत बनती जा रही है हिंसा