भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने एक नया वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो उस दिन का है, जब पंजाब पुलिस ने बग्गा को उनके दिल्ली वाले घर से गिरफ्तार किया था। बग्गा ने उसी वक्त का वीडियो बुधवार को ट्वीट कर लिखा, ‘सिविल ड्रेस, नो यूनिफॉर्म, नो वारंट, राइफल्स के साथ मेरे घर में घुसे और आतंकियों की तरह मुझे घसीटा, क्योंकि मैंने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान से मांग की है कि वह उन दोषियों को गिरफ्तार करें, जो गुरु ग्रंथ साहिब की बेदब्बी के लिए जिम्मेदार हैं।’
पंजाब पुलिस ने 6 मई को दिल्ली में भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को गिरफ्तार किया था। बग्गा की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता और समर्थक जनकपुरी पुलिस स्टेशन पहुंच गए थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। दिल्ली पुलिस का आरोप था कि गिरफ्तारी से पहले पंजाब पुलिस ने दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी थी।
केंद्र सरकार के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस ने इस मामले में हस्तक्षेप किया। बग्गा को गिरफ्तार कर मोहाली ले जा रही पंजाब पुलिस टीम को हरियाणा में ही रोक दिया गया था। तेजिंदर पाल सिंह बग्गा 7 मई की देर रात पंजाब पुलिस की गिरफ्त से छूटकर अपने घर पहुंचे थे।
देर रात बग्गा के घर पहुंचते ही दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने ट्वीट कर उनकी ‘घर वापसी’ की तारीफ की थी। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को भी धन्यवाद दिया था। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने एक वीडियो के साथ ट्वीट किया था, “लोकतंत्र और सच्चाई की जीत हुई, तेजिंदर बग्गा घर लौटे। अरविंद केजरीवाल की तानाशाही और अहंकार पर एक तमाचा। गृह मंत्री अमित शाह जी को बहुत-बहुत धन्यवाद।” वीडियो में बग्गा उनके बगल में खड़े नजर आ रहे थे। बता दें, बग्गा भाजपा की युवा शाखा के नेता हैं और पार्टी के दिल्ली प्रवक्ता भी हैं।
बग्गा ने पंजाब पुलिस की कार्रवाई को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा था। बगा ने कहा था, “यह एक अवैध हिरासत थी। इसकी सूचना किसी स्थानीय पुलिस अधिकारी को नहीं दी गई। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल चाहें तो मेरे खिलाफ 100 और एफआईआर दर्ज करा सकते हैं। हम तब तक लड़ते रहेंगे जब तक वह कश्मीरी पंडितों के बारे में जो कहा उसके लिए माफी नहीं मांग लेते।”