‘बिहार पुलिस CBI से भी ज्यादा सक्षम’, बयान पर ट्रोल हुए सुशील मोदी, लोगों ने याद दिलाया लालू यादव से जुड़ा केस
पुलिस को शक है कि यह कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का मामला है। संभावना यह भी है कि रूपेश के शूटर राज्य से बाहर भाग चुके हैं।

चर्चित रूपेश सिंह हत्याकांड को लेकर बिहार में सियासी बवाल मचा हुआ है। राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ‘मामले में अपराधी कोई सूत्र छोड़कर नहीं गए हैं। बिहार पुलिस पर भरोसा रखिए। बिहार पुलिस CBI से भी ज़्यादा सक्षम है। मामले की निगरानी खुद मुख्यमंत्री कर रहे हैं। हमारी सरकार अपराधियों को संरक्षण नहीं देती।’
सुशील मोदी के इस बयान के बाद ट्विटर पर लोग उन्हें ट्रोल करने लगे। एक यूजर ने सुशील मोदी को राज्य के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव पर लगे आरोपों की याद दिलाते हुए स्क्रीनशॉट शेयर किया जिसमें सुशील मोदी ने लालू प्रसाद की बेनामी संपत्ति को लेकर सीबीआई जांच की मांग की थी। यूजर ने लिखा कि ‘अभी हुई होगी सीबीआई से ज्यादा सक्षम पहले तो नहीं थी शायद, है ना @Sushilmodi’
मामले में अपराधी कोई सूत्र छोड़कर नहीं गए हैं। बिहार पुलिस पर भरोसा रखिए। बिहार पुलिस CBI से भी ज़्यादा सक्षम है। मामले की निगरानी खुद मुख्यमंत्री कर रहे हैं। हमारी सरकार अपराधियों को संरक्षण नहीं देती: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, रूपेश सिंह हत्या मामले पर pic.twitter.com/nvCY42vDnO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 17, 2021
मोहम्मद रिजवान नाम के एक यूजर ने लिखा कि ‘बिहार में सरकार नाकाम है पता नहीं क्यों 15 साल में भी नीतीश कुमार राज करना नहीं सीखे शासन चलाना नहीं सीखें शायद व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी ने इन्हीं इस काबिल बनाया ही नहीं।’ एक अन्य यूजर ने लिखा कि ‘शायद आपसे नीतीश कुमार को कोचिंग लेनी चाहिए।’
आपको बता दें कि राजधानी पटना में 12 जनवरी को इंडिगो मैनेजर रूपेश कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रूपेश सिंह हत्याकांड को सुलझाने में पुलिस की करीब 20 टीमे लगी हैं लेकिन अब तक रूपेश के हत्यारे पकड़े नहीं जा सके हैं।
पुलिस को शक है कि यह कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का मामला है। संभावना यह भी है कि रूपेश के शूटर राज्य से बाहर भाग चुके हैं। पुलिस इस हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने और इसकी गुत्थी को सुलझाने के लिए सभी कोशिशें कर रही है लेकिन नतीजा अब तक सिफर ही रहा है।