विजयवर्गीय का प्रियंका पर निशाना, कहा- सलमान और करीना जैसे चॉकलेटी चेहरों से चुनाव जीतना चाहती है कांग्रेस
विवादित बयान देने में माहिर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने राजनीति में प्रियंका गांधी की एंट्री पर भी टिप्पणी की है। उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा का चेहरा करीना कपूर और सलमान खान जैसे फिल्मी सितारों की तरह चॉकलेटी बताया और कहा कि कांग्रेस 'चॉकलेटी चेहरों' के भरोसे अगला लोकसभा चुनाव जीतना चाहती है।

विवादित बयान देने में माहिर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने राजनीति में प्रियंका गांधी की एंट्री पर भी टिप्पणी की है। उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा का चेहरा करीना कपूर और सलमान खान जैसे फिल्मी सितारों की तरह चॉकलेटी बताया और कहा कि कांग्रेस ‘चॉकलेटी चेहरों’ के भरोसे अगला लोकसभा चुनाव जीतना चाहती है।
विजयवर्गीय ने ऐसे साधा निशाना : इंदौर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘कभी कोई कांग्रेस नेता मांग करता है कि भोपाल लोकसभा सीट से करीना कपूर को प्रत्याशी बनाया जाए। कभी कोई इंदौर से सलमान खान को चुनाव लड़वाने का जिक्र करता है। इसी तरह प्रियंका गांधी को कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में लाया गया है। कांग्रेस के पास नेता नहीं है। वे सिर्फ चॉकलेटी चेहरों के माध्यम से चुनाव जीतना चाहते हैं। इससे पता चलता है कि कांग्रेस में आत्मविश्वास की कितनी कमी है।’’
राहुल गांधी पर भी की टिप्पणी : गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी को पूर्वी यूपी का महासचिव बनाया। माना जा रहा है कि 4 फरवरी को कुंभ स्नान के बाद प्रियंका अपना पद संभालेंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजयवर्गीय ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की क्षमता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को राहुल के नेतृत्व पर भरोसा होता तो प्रियंका को सक्रिय राजनीति में नहीं लाते।
BJP's Kailash Vijayvargiya: Unke paas leader nahi hain, isliye wo chocolatey chehre ke madhyam se chunav mein jaana chahte hain. Ye unke andar atmavishwas ke kami ko dikhata hai… Koi Kareena Kapoor ka naam chalata hai, koi Salman Khan ka, kabhi Priyanka Gandhi ko le aate hain. pic.twitter.com/GhVWrnuRbR
— ANI (@ANI) January 26, 2019
कर्जमाफी के मुद्दे पर कमलनाथ को घेरा : कैलाश विजयवर्गीय ने मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर भी टिप्पणी की। उन्होंने किसानों की कर्ज माफी का मुद्दा उठाते हुए कहा, ‘‘आगामी लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश सरकार किसानों को लुभाने के लिए कर्ज माफी का नाटक कर रही है। कमलनाथ पहले हमें यह बताएं कि क्या उनके खजाने में 40,000 करोड़ रुपये हैं, जिनके जरिये वे कर्ज माफी की नौटंकी कर रहे हैं। अगर कमलनाथ सरकार ने शिवराज सिंह चौहान की कोई भी गरीब हितैषी योजना बंद की तो बीजेपी नेता ईंट से ईंट बजा देंगे।’’
Hindi News से जुड़े अपडेट और व्यूज लगातार हासिल करने के लिए हमारे साथ फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल के साथ गूगल प्लस पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App