बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गोंडा में एक कार्यक्रम के दौरान योग गुरू बाबा रामदेव पर निशाना साधा है। बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को कहा कि रामदेव के द्वारा मूल रूप से स्वदेशी के नाम पर शुरू किया गया अभियान अब नकली उत्पादों और विदेशी सामानों तक फैल गया है।

बीजेपी नेता ने रामदेव के पिछले विरोध प्रदर्शनों को याद करते हुए कहा कि इस बार वह सिंदूर लगाकर और सलवार पहनकर न आएं।

बृजभूषण शरण सिंह ने रामदेव को आंदोलन करने के लिए चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह फिर से किसी मुद्दे पर आंदोलन करने जा रहे हैं तो इस बार उन्हें निर्णायक लड़ाई लड़नी चाहिए।

रामदेव लाए नकली घी का कल्चर- बृजभूषण शरण सिंह

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रामदेव को फिर से विरोध प्रदर्शन करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि इस देश में नकली घी का जो कल्चर बड़े पैमाने पर आया है, वह बाबा रामदेव के द्वारा ही आया है।

गोंडा में एक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अगर योग गुरू रामदेव आंदोलन शुरू करने का इरादा रखते हैं, तो उन्हें इस बार निर्णायक लड़ाई लड़नी चाहिए और एक मर्द की तरह ऐसा करना चाहिए।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “रामदेव का आंदोलन करना बहुत जरूरी है… हां, शर्त यह है कि इस बार उनसे कह दीजिए कि सिंदूर, टिकुली और सलवार ना पहनें और मर्द की तरह आंदोलन करें।”

रामदेव ने कई साल पहले स्वदेशी और भारतीय उत्पादों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाया था। उन्होंने लोगों से विदेशी सामान के बहिष्कार और घरेलू उत्पादों को अपनाने की अपील की थी।

यह भी पढ़ें- ‘मैं खुद फांसी के फंदे पर लटक जाऊंगा…’

भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों से बरी कर दिया गया है। बृजभूषण शरण सिंह ने इस बात को दोहराया है कि यह एक साजिश और षड्यंत्र था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।