पश्चिम बंगाल में बीजेपी के उम्मीदवारों ने मतगणना से एक दिन पहले रविवार को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के मंदिरों में पूजा-अर्चना कर जीत की कामना की। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर में काली और शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना की। अधिकारी नंदीग्राम से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा वह कोलकाता के भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भी उम्मीदवार हैं।

सिलीगुड़ी के उम्मीदवार शंकर घोष ने रथाखोला कालीबाड़ी मंदिर में पूजा की। घोष ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने भाजपा की जीत और राज्य में ‘सत्ता परिवर्तन’ के लिए प्रार्थना की।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस पिछले 15 वर्षों से शासन कर रही है। बीते दिनों आए अधिकतर एग्जिट पोल में राज्य में बीजेपी की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है।

दिलीप घोष ने काली मंदिर में की पूजा-अर्चना

खड़गपुर सदर के उम्मीदवार दिलीप घोष ने कोलकाता के न्यू टाउन स्थित काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। उसी इलाके में उनका घर भी है। उन्होंने बताया कि ठकदारी काली मंदिर में उन्होंने लोगों के कल्याण के लिए प्रार्थना की और भगवान शिव को धतूरा अर्पित कर जलाभिषेक किया। मेदिनीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार शंकर ने मां मानसा मंदिर में पूजा-अर्चना की।

कोलकाता पोर्ट से उम्मीदवार राकेश सिंह ने अपने क्षेत्र के मंदिर में पूजा की जबकि चौरंगी सीट के उम्मीदवार संतोष कुमार पाठक ने बुर्राबाजार के मंदिर में दर्शन किए। बहरामपुर के उम्मीदवार सुब्रत मैत्रा ने मुर्शिदाबाद जिले में अपने क्षेत्र के कई मंदिरों में पूजा-अर्चना की।

मोटा महादेव मंदिर पहुंचीं पूर्णिमा चक्रवर्ती

कोलकाता में श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती श्री दुर्गेश्वर महादेव (मोटा महादेव) मंदिर पहुंचीं। पूर्णिमा चक्रवर्ती ने एएनआई से कहा, “जनता ने हमें पहले ही आशीर्वाद दे दिया है। हमें ईश्वर का आशीर्वाद भी प्राप्त होगा। कल धर्म की विजय होगी; यह बंगाल की जनता, बंगाल की संस्कृति, युवाओं और माताओं की विजय होगी। टीएमसी हार रही है और हार के डर से वे हर तरह के दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं। 4 मई को यहां कमल खिलेगा और भाजपा सरकार सत्ता में आएगी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बंगाल आगे बढ़ेगा।”

घाटाल से भाजपा उम्मीदवार शीतल कपात ने भी मतगणना से पहले विशालाक्षी मंदिर में हाजिरी लगाई।

बंगाल एग्जिट पोल के आंकड़ों ने सबको चौंकाया

पश्चिम बंगाल में कई एग्जिट पोल्स का अनुमान है कि राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।