पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दो महीने से भी कम का वक्त बचा है। चुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी ने कहा है कि वह पूरे राज्य में ‘परिवर्तन यात्रा’ शुरू करने जा रही है। पार्टी का कहना है कि यह ‘परिवर्तन यात्रा’ सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ कथित सत्ता-विरोधी माहौल को मजबूत करने की कोशिश है।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में इसे पार्टी के राजनीतिक संघर्ष का अगला चरण बताया।

बीजेपी के मुताबिक, पूरे राज्य में नौ ‘परिवर्तन यात्राएं’ निकाली जाएंगी। ये यात्राएं एक और दो मार्च को कूचबिहार, कृष्णानगर, रायदिघी, कुल्टी, इस्लामपुर, संदेशखाली जैसी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जगहों से शुरू होंगी।

वंदे मातरम Vs जन गण मन: चुनावी मौसम में बंगाल में हावी होते भावनात्मक मुद्दे

‘डोल यात्रा’ के दौरान संक्षिप्त विराम के बाद पांच मार्च से यह यात्राएं फिर से शुरू होंगी। ‘परिवर्तन यात्रा’ राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी और पांच हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी। इस अभियान में झांकियां, सड़क किनारे सभाएं और स्थानीय जनसंपर्क कार्यक्रम भी शामिल होंगे।

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगी रैली

मार्च के अंत में कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक बड़ी रैली के साथ इन यात्राओं का समापन किया जाएगा। ब्रिगेड परेड ग्राउंड की रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित कर सकते हैं। पार्टी के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता ‘परिवर्तन यात्रा’ में शामिल हो सकते हैं।

समिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि 34 सालों के वाम मोर्चा के शासन के बाद लोगों ने लोकतंत्र और विकास की उम्मीद में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता सौंपी थी लेकिन अब तृणमूल पर भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच लोगों की निराशा बढ़ रही है।

कोलकाता में रैली करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मार्च के दूसरे हफ्ते में पश्चिम बंगाल जा रहे हैं। यहां वह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने इससे ठीक 5 साल पहले मार्च, 2021 में इसी परेड ग्राउंड मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।