बीजेपी ने कर्नाटक में सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति समुदायों के विकास के लिए दी गई धनराशि को गारंटी योजनाओं में खर्च करने का आरोप लगाया है। कर्नाटक की मुख्य विपक्षी पार्टी ने इस मामले को ”एससी/एसटी फंड चोरी” करार दिया है।

बीजेपी ने बुधवार को सवाल पूछा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं?

कर्नाटक की विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने राज्य सरकार पर अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति समुदाय के फंड से चोरी कर अपने खोखले वादों को पूरा करने के लिए धन जुटाने का आरोप लगाया। आर. अशोक ने X पर एक पोस्ट कर कहा, ”क्या राहुल गांधी कर्नाटक में इस एससी/एसटी फंड चोरी के बारे में बोलेंगे?”

संसाधनों की योजनाबद्ध लूट- अशोक

अशोक ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की गारंटी की राजनीति विश्वासघात में बदल गई है और इस सरकार ने लगातार तीन बजटों में सबसे कमजोर लोगों के लिए आवंटित धन को व्यवस्थित रूप से लूटा है। उन्होंने कहा, “यह कर्नाटक के दलित और आदिवासी समुदायों के संसाधनों की साल-दर-साल एक योजनाबद्ध लूट है। अपने खोखले वादों को पूरा करने के लिए वे सिर्फ उधार नहीं ले रहे हैं, वे समाज के उन वर्गों से चोरी कर रहे हैं जिनकी वे रक्षा करने का दावा करते हैं।”

विपक्ष के नेता ने सवाल किया कि कैसे एक सरकार अनुसूचित जाति उप-योजना (एससीएसपी) और जनजातीय उप-योजना (टीएसपी) के लिए निर्धारित 39,000 करोड़ रुपये की रकम को इस तरह से डायवर्ट कर सकती है जबकि वह समानता और सामाजिक न्याय की परवाह करने का दिखावा भी करती है। उन्होंने कहा कि यह पैसा हमारे अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति भाइयों और बहनों की शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सशक्तिकरण के लिए जरूरी है।

बीजेपी नेता ने कहा, ‘यह अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के कानूनी अधिकारों पर सीधा और बार-बार किया जाने वाला हमला है। यदि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया अपने बजट भाषण की शुरुआत धन के इस लगातार दुरुपयोग को रोकने की ठोस प्रतिबद्धता के साथ नहीं करते हैं, तो उन्हें जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।’

चुप्पी दुनिया में भारत की हैसियत कम करती है- राहुल गांधी

ईरान के मसले को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को घेरा है। राहुल गांधी ने X पर एक पोस्ट में कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को ईरान संंकट पर बोलना चाहिए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।