बिहारः फिर फिसली डिप्टी CM की जुबान, मीडिया को बताया लोकतंत्र का तीसरा स्तंभ; पहले की थी ये गलतबयानी
बिहार की उपमुख्यमंत्री रेणु देवी अपनी बयानबाजी के लिए एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का तीसरा स्तंभ बता दिया।

बिहार की उपमुख्यमंत्री रेणु देवी पद संभालने के बाद ही गलत बयानी को लेकर चर्चा में आ गई थीं। एक बार फिर से उनसे बोलने में चूक हो गई। इस बार उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का तीसरा स्तंभ बता दिया जबकि इसे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है। उस समय रेणु देवी पत्रकारों को ही उनके बारे में ख़बर चलाने से पहले सावधानी रखने की सलाह दे रही थीं। इससे पहले भी रेणु देवी से ऐसी गलती हो चुकी है। वह बिहार की पहली महिला उपमुख्यमंत्री हैं।
रेणु देवी इससे पहले अपने एक और बयान के लिए चर्चा में थीं। उन्होंने साल 2020 को बीस हजार बीस कह दिया था। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद उनका वीडियो वायरल हो रहा था। रेणु देवी पटना के एक कार्यक्रम में पहुंची थीं। उन्होंने विपक्षी तेजस्वी यादव पर भी तीखे वार किए। तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार के उस फैसले की काफी आलोचना की थी जिसमें सोशल मीडिया पर माननीयों के खिलाफ लिखने, बोलने पर सजा का प्रावधान किया गया है। डेप्युटी सीएम ने कहा, सभी को भाषा कि भद्रता का खयाल रखना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री रेणु देवी अपने बंगले को रेनोवेट करवा रही हैं। बीते एक महीने से उनके बंगले में सुंदरीकरण का काम चल रहा है। घर की दीवारों से छत और खिड़कियों तक को नया बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बंगले को रेनोवेट करने के काम में करीब दो दर्जन मजदूर लगे हुए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक बंगले को सजाने में काफी खर्च हो रहा है। कोलकाता से खास घास इसके आंगन में लगाने के लिए मंगवाई गई है। बता दें कि इससे पहले उपमुख्यमंत्री रहे तेजस्वी यादव ने भी अपने बंगले पर काफी खर्च किया था। हालांकि पद से हटने के बाद उन्हें बंगला छोड़ना पड़ा। इसके लिए वह सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच गए थे। तेजस्वी यादव के बाद सुशील मोदी उपमुख्यमंत्री बने लेकिन वह बंगले में नहीं शिफ्ट हुए। रेणु देवी को बंगला पटना में इको पार्क के पास अलॉट किया गया है।