छोड़ेगें न हम तेरा साथ : मृत पति का सिर चूमा, हाथ में हाथ थामे त्याग दिए प्राण
पति-पत्नी की मौत ने गांव वालों को हैरान कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 60-62 साल पहले इन दोनों की शादी हुई थी।

बिहार के भागलपुर जिले में एक बुजुर्ग दंपति की मौत लोगों के बीच चर्चा का विषय बन हुआ है। यहां एक महिला ने अपने पति के मृत शरीर के सामने अपने प्राण त्याग दिये और वो भी पति का हाथ थाम कर। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार (21-01-2021) को नवगछिया इलाके के बिहपुर प्रखंड के मीराचक गांव में 85 साल के वृद्ध नरेश शर्मा की मौत हो गई।
नरेश के मौत की वक्त उनकी पत्नी शोभा देवी बाजार गई हुई थीं। गांव वालों ने बाजार जाकर शोभा देवी को उनके पति के मौत की खबर दी। पति के मौत की सूचना से स्तब्ध शोभा देवी अपने घर पहुंचीं। पति के शव को देखकर शोभा देवी ठिठक गईं। बताया जा रहा है कि पति के शव को देखने के बाद शोभा देवी ने मृत पति के हाथ को अपने हाथ में लिया और काफी देर तक उन्हें निहारती रहीं। थोड़ी ही देर बाद शोभा देवी वहां अचेत होकर गिर पड़ी औऱ उनकी भी मौत हो गई।
पति-पत्नी की मौत ने गांव वालों को हैरान कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 60-62 साल पहले इन दोनों की शादी हुई थी। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक 25 दिसंबर 2020 को नरेश की मां जानकी देवी का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद नरेश काफी दुखी हो गए थे। दिवंगत पति-पत्नी अपने चार पुत्र व चार पुत्रियां हैं। दंपति के अंतिम दर्शन के लिए गांव वालों की भीड़ भी उमड़ी थी। बताया जा रहा है कि नरेश पेश से किसान थे।