BSEB Matric Exam 2026: बिहार में आज से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के मैट्रिक की परीक्षा शुरू हो गई है। इस परीक्षा के तहत नवादा में मैट्रिक की परीक्षा के पहले दिन मंगलवार को दो छात्राओं को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिल सका। दूसरे पाली की परीक्षा के लिए गांधी इंटर विद्यालय पहुंची इन छात्राओं को देरी से आने के कारण अंदर जाने से रोक दिया गया।

जाम के कारण पहुंचने में थोड़ी देर हुई

जानकारी के अनुसार, छात्राएं निर्धारित समय से कुछ मिनट देरी से पहुंची थीं। उन्होंने गेट पर रोते हुए प्रवेश देने की अपील की, लेकिन सरकारी आदेशों का पालन करते हुए केंद्र के गेट बंद कर दिए गए थे। छात्राओं के अभिभावकों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना था कि ट्रैफिक जाम के कारण बच्चियों को पहुंचने में थोड़ी देर हुई, लेकिन उन्हें केवल 1-2 मिनट की देरी के लिए प्रवेश नहीं दिया गया।

एक छात्रा नारदीगंज से 11 किलोमीटर दूर से आई थी। अभिभावकों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र पर देर से पहुंचने वाली एक ‘मैडम’ को प्रवेश दे दिया गया, जबकि छात्राओं को नहीं। उन्होंने इसे सरकार की लचर और मनमानी व्यवस्था करार दिया, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

आज से शुरू हुई है परीक्षा

इस घटना ने परीक्षा प्रणाली की कठोरता और छात्रों पर इसके प्रभाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी ऐसी सख्त व्यवस्था पर चिंता जताई है, खासकर जब ट्रैफिक जैसी समस्याएं देरी का कारण बनती हैं। बता दें कि इस साल BSEB की मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी, 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।

दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक (पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय) में शामिल होने वाले सभी छात्रों को निर्धारित समय से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। नियमानुसार देरी से पहुंचने वाले छात्रों को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाता, इसलिए समय पर पहुंचने पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी जाती है।

समय पर आने पर अलावा इन दिशानिर्देशों का भी पालन करना अनिवार्य है –

  • छात्रों को अपने एडमिट कार्ड को परीक्षा केंद्र में साथ लाना अनिवार्य है। एडमिट कार्ड पर नाम, रोल नंबर, फोटो और परीक्षा केंद्र का विवरण साफ-साफ होना चाहिए। बिना एडमिट कार्ड के किसी भी छात्र को परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
  • छात्रों को ब्लू या ब्लैक बॉल पेन लेकर आना चाहिए। पेंसिल, इरेजर और शार्पनर आदि केवल गणित/डायग्राम प्रश्नों के लिए उपयोग किए जा सकते हैं।
  • कोई भी अन्य किताब, नोट या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे मोबाइल, स्मार्टवॉच आदि परीक्षा कक्ष में लाना मनाही है।
  • छात्रों को परीक्षा कक्ष में शांत और अनुशासित तरीके से बैठना है। आपात स्थिति के बिना कक्ष छोड़ना मना है। परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की अनुचित बातचीत या चीटींग नहीं होनी चाहिए।
  • नकल करते या परीक्षा नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर छात्र के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। बोर्ड चीटींग का गंभीरता से प्रबंधन करता है और ऐसे मामलों में फेल/डिसक्वालिफाई किया जा सकता है।
  • शारीरिक रूप से दिव्यांग छात्रों को आवश्यक अनुरोध पर अतिरिक्त समय/सहायता दी जाएगी। इसके लिए पहले से आवेदन करना आवश्यक है।
  • परीक्षा के दौरान मीडिया या मोबाइल फोन का उपयोग सख्त वर्जित है। किसी भी इमरजेंसी या परीक्षा संबन्धी सहायता के लिए केंद्र के अधिकृत अधिकारी से संपर्क करें।