Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुफ्त बिजली की योजना को लेकर अहम अपील की है। उन्होंने कहा कि जो लोग आर्थिक तौर पर संपन्न हैं, इनकम टैक्स का समय पर भुगतान करते हैं, तो उन्हें राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे मुफ्त बिजली वाले लाभ को नहीं लेना चाहिए बल्कि राज्य के विकास में योगदान देने के लिए उस फायदे को छोड़ देना चाहिए।

दरअसल, पाटिलपुत्र में दो दिन के ‘पाटलिपुत्र नेशनल यूथ पार्लियामेंट-2.0’ को संबोधित करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बिजली सब्सिडी पर हर साल करीब 23,000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है, जिसमें हर घर पर 8,000-10,000 रुपये का खर्च आता है।

‘125 यूनिट मुफ्त बिजली का फायदा छोड़ें’

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार सभी आर्थिक कैटेगरी के कंज्यूमर्स को 125 यूनिट फ्री बिजली दे रही है, और उन्होंने अच्छे पैसे वाले और इनकम टैक्स देने वाले लोगों से अपनी मर्ज़ी से फ्री बिजली का फायदा छोड़कर बिहार के विकास में योगदान देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र को मजबूत करने और विकसित भारत बनाने में युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया। बिहार का डेमोक्रेटिक मूल्यों के साथ ऐतिहासिक जुड़ाव होने की वजह से युवाओं के लिए उन्हें बचाने और मजबूत करने में आगे आना ज़रूरी हो गया।

क्या है ये मुफ्त बिजली वाली योजना?

बता दें कि बिहार सरकार द्वारा 1 अगस्त 2025 से राज्य में ‘मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना’ के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की योजना शुरू की गई थी। इस ऐतिहासिक फैसले की घोषणा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जुलाई 2025 में की थी, जिसका सीधा फायदा जुलाई महीने की खपत के आधार पर जारी होने वाले बिजली बिलों से मिलना शुरू हुआ।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को राहत देना है, जिससे बिहार के करीब 1.67 से 1.86 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को शून्य या बेहद कम बिजली बिल का लाभ मिल रहा है।

यह भी पढ़ें: ‘अब क्या रह गया है बोलने को’, आजम खान 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए, डासना जेल में रहेंगे

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद आजम खान को रविवार को गाजियाबाद की एक स्पेशल पीएमएलए कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन्हें रामपुर जेल के बजाय गाजियाबाद की डासना जिला जेल में रखा जाएगा, दिलचस्प बात यह है कि उन्हें रामपुर जेल से ही महज एक दिन पहले रिहा किया गया था। पढ़िए पूरी खबर…