नीतीश कुमार नेता नहीं सौदेबाज और ब्लैकमेलर हैं- आरजेडी नेता तेजस्वी ने साधा बिहार सीएम पर निशाना
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि 'यह जैसे को तैसा जैसी बात है। नीतीश कुमार का इतिहास देखिए। जॉर्ज फर्नाडिंस से लेकर स्वर्गीय दिग्वजिय सिंह और हमारी पार्टी के साथ उन्होंने क्या किया है।

राष्ट्रीय जनता दल (ऱाजद) के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि ‘जिस तरह नीतीश कुमार बिहार को बर्बाद कर रहे हैं सभी लोग इसे देख रहे हैं। नीतीश कुमार एक सौदेबाज हैं और ब्लैकमेलर हैं। वो एक नेता नहीं हैं। वो लोगों के लिए नहीं हैं बल्कि खुद अपने-आप के लिए हैं।’तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि ‘यह जैसे को तैसा जैसी बात है। नीतीश कुमार का इतिहास देखिए। जॉर्ज फर्नाडिंस से लेकर स्वर्गीय दिग्वजिय सिंह और हमारी पार्टी के साथ उन्होंने क्या किया है। उन्होंने किसको धोखा नहीं दिया? उन्होंने पीछे के दरवाजे से सत्ता हासिल की है। उन्हें सत्ता की भूख है।’
दरअसल रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं की बैठक हुई। इसमें सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा हुई। इस बैठक से बाहर आने के बाद पत्रकारों ने तेजस्वी यादव से नीतीश कुमार के उस बयान के बारे में प्रतिक्रिया मांगी, जिसमें बिहार सीएम ने शनिवार को कहा था कि चुनाव के दौरान पता नहीं चला कि कौन साथ है और कौन नहीं। इसी पर जवाब देते हुए तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार पर जमकर बरसे।
आपको याद दिला दें कि इससे पहले नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा था कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीट बंटवारे में हुई देरी की वजह से उनकी पार्टी जनता दल यूनाइडेट (JDU) को विधानसभा चुनाव में नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने आगे कहा था कि ‘उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार के लिए काफी कम समय मिला और इसका खामियाजा जेडीयू (JDU) को उठाना पड़ा। मैं मुख्यमंत्री बनने के पक्ष में नहीं था, लेकिन बीजेपी और मेरी पार्टी के दाबव में मैंने पद लेना स्वीकार किया।’
नीतीश कुमार ने कहा था कि ”हम यह अनुमान लगाने में विफल रहे कि कौन हमारे दोस्त थे और कौन दुश्मन और किन पर हमेशा भरोसा करना चाहिए था। चुनाव प्रचार के बाद, हम समझ गए कि चीजें हमारे लिए अनुकूल नहीं थीं, लेकिन उस समय तक बहुत देर हो चुकी थी।”